भूना (फतेहाबाद)। घरेलू विवाद के बाद उपजे तनाव में पहले महिला ने मायके में सल्फास की गोली खाकर जान दे दी। इस घटना का पता लगते ही उसके पति ने अपने घर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हिसार के अलग अलग निजी अस्पतालों में दोनों ने दम तोड़ दिया। शादी के महज 47 दिन बाद दोनों के जीवनलाला का अंत हो गया। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के बयान पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
गोरखपुर निवासी सूरजभान ने बताया कि उसके इकलौते बेटे 25 वर्षीय सोनू की शादी 25 दिसंबर 2023 को ब्यानाखेड़ा की किरण पुत्री सतबीर के साथ हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग उसकी पुत्रवधू किरण व सोनू को मानसिक तौर पर परेशान करते थे। आरोप लगाया है कि सोनू के ससुर सतबीर सिंह व इसका साला सचिन तथा दो-तीन अन्य व्यक्तियों के मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने के चलते उनकी पुत्रवधू व बेटे को जहर निगलने खाने के लिए मजबूर होना पड़ा। रविवार को सुबह महिला और शाम को पति की मौत हो गई।
भूना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, बरवाला पुलिस को दी शिकायत में ब्यानाखेड़ा निवासी सतबीर सिंह ने बताया कि उसने बेटी की शादी करीब डेढ़ महीने पहले गोरखपुर के सोनू के साथ की थी। शादी के बाद से उसकी बेटी को दहेज कम लाने को लेकर सोनू व उसकी ननद शशि परेशान करने लगे। इसलिए उसकी बेटी को कुछ दिन पहले गोरखपुर ससुराल से ब्यानाखेड़ा लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को किरण के पति सोनू ने फोन करके उसे गालीगलौज करके मानसिक रूप से परेशान किया। इसके बाद किरण रोते हुए कमरे में चली गई। कुछ देर बाद किरण की तबीयत खराब होने पर उसे बरवाला सीएचसी केंद्र में दाखिल करवाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे हिसार प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां 11 फरवरी को जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए किरण ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के पिता सतबीर की शिकायत पर पति सोनू व ननद शशि के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस संबंध में भूना थाना प्रभारी रामपाल लोहचब ने बताया कि मृतक सोनू के पिता सूरजभान के बयान पर सोमवार को ब्याना खेड़ा के सतबीर, सचिन व बलराज तथा अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। वहीं, बरवाला थाना अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका किरण के पिता सतबीर के बयान पर गोरखपुर निवासी सोनू व उसकी बहन शशि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।