बहादुरगढ़ में किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच टीकरी बॉर्डर से आने जाने का मिलाकर पांच फुट रास्ता खुलने पर सहमति बनने के बाद रास्ता खोल दिया गया है। किसान आंदोलन के बाद से ही टीकरी बॉर्डर का रास्ता बंद था। अब दोपहिया वाहन, एंबुलेंस, साइकिल वाले और पैदल लोग इस रास्ते से निकल सकेंगे। ढाई फुट का रास्ता दिल्ली जाने और ढाई फुट का रास्ता दिल्ली की ओर से आने के लिए छोड़ा गया है। उद्यमियों ने किसानों से कम से कम एक तरफ का पूरा रास्ता खोलने का निवेदन भी किया, लेकिन किसानों ने नहीं माना।
ये भी पढ़ें-
वेदप्रकाश मर्डर केस: झज्जर के आंबेडकर चौक पर धरना जारी, एसपी को मौके बुलाने की मांग पर अड़े व्यापारी
टीकरी बॉर्डर पर चल रही रास्ता खोलने की तैयारियां
इससे पहले टीकरी बॉर्डर से एक तरफ की एक लेन का रास्ता खोलने के लिए शुक्रवार देर रात चल रहे पुलिस के प्रयासों के दौरान कुछ किसानों ने हंगामा कर दिया था। जैसे ही दिल्ली पुलिस ने आखिरी बैरिकेडिंग लेयर हटाई तो आंदोलनकारी विरोध पर उतर आए। जेसीबी के सामने लेट गए और लोहे के बैरिकेड लगाकर खुद ही दो जगहों से रास्ता बंद कर दिया। यहीं पर सभा शुरू कर दी गई। भीड़ जुटा ली गई और ऐलान कर दिया कि वे अब बॉर्डर नहीं खुलने देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। आंदोलनकारी बोले कि अब तक तो वे पांच फुट का रास्ता देने को तैयार थे, लेकिन अब वह भी नहीं देंगे।
रास्ता खुलने के बाद बैरिकेड हटाकर निकाली गई एंबुलेंस।
रात को भारतीय किसान यूनियन के नेता बूटा सिंह ने कहा कि किसान किसी हालत में टीकरी बॉर्डर से रास्ता नहीं खुलने देंगे। अब तो सभी बॉर्डर तभी खुलेंगे जब आंदोलन खत्म होगा। चाहे कुछ भी हो रास्ता नहीं खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली व हरियाणा पुलिस के साथ बैठक में पांच फुट चौड़ा रास्ता देने पर सहमति जता दी थी। शनिवार को सुबह 10 बजे रास्ता खुलना था, मगर रात में ही पुलिस ने बैरिकेड हटाकर वादा खिलाफी की है।
ये भी पढ़ें-
डेंगू का कहर: हरियाणा में टूटा 5 साल का रिकॉर्ड, रोजाना मिल रहे 378 नए मरीज, आंकड़ा 5377 पार
रास्ता खुलने पर इस महिला ने जताई खुशी। दिल्ली से हर रोज आती है कपड़ा बेचने बॉर्डर पार हरियाणा में।
इसलिए हम अब कोई भी समझौता नहीं मानेंगे। अब छह नवंबर को संयुक्त मोर्चा की बैठक में ही फैसला होगा। शुक्रवार शाम को प्रशासन और अधिकारियों की बैठक में यह भी तय हुआ था कि शनिवार को सुबह 10 बजे एसडीएम भूपेंद्र सिंह टीकरी बॉर्डर पर स्थिति का जायजा लेंगे।