हरियाणा के तोशाम-बहल मार्ग पर कतवार गांव के पास उड़नदस्ते की चेकिंग से घबराकर एक युवक बस से उतरते हुए नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान गांव भोजावास के 22 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। मृतक ईशरवाल से बुसान अपने मामा के घर पर आ रहा था।
वीरवार को हरियाणा राज्य परिवहन की एक बस ईशरवाल से तोशाम जा रही थी। बस कतवार बस स्टैंड से थोड़ी दूर पर रही थी कि बस में सवार लोगों को सूचना मिली कि आगे स्टॉप पर चेकिंग दस्ते की गाड़ी खड़ी है।
बताया जा रहा है कि इससे घबराकर विजय अपनी सीट से उठकर पीछे वाली खिड़की के समीप आ गया। इसी दौरान वह खिड़की से नीचे गिर गया तथा बुरी तरह से घायल हो गया।
बस के चालक और परिचालक ने अन्य सवारियों की मदद से घायल युवक को तोशाम के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए हिसार रेफर कर दिया, लेकिन युवक ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इसी बीच कतवार बस स्टैंड पर चेकिंग के लिए खड़ा परिवहन विभाग का दस्ता मौके से खिसक गया। युवक भोजावास गांव का रहने वाला था और आधार कार्ड बनाने का काम करता था। जांच अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।