चरखी दादरी। अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन वीरवार को तीसरे दिन भी एक्शन मोड़ में दिखा। दोपहर बाद रेलवे रोड पर करीब साढ़े तीन घंटे अभियान चलाया गया और इस दौरान नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया व नगर व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश पांडवानिया के प्रतिष्ठान समेत 150 दुकानों के आगे बने चबूतरे तोड़े गए। इस दौरान तीन जगहों पर विरोध हुआ, लेकिन टीम ने एक न सुनी और कार्रवाई जारी रखी।
शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर वीरवार सुबह नगर व्यापार मंडल पदाधिकारी डीसी मनदीप कौर से भी मिले। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि इस दौरान डीसी से दुकानों में चढ़ने और घरों के अंदर वाहन पार्क करने के लिए सीढि़यां छोड़ने की मांग की। हालांकि डीसी ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि शहर को सुधारना लक्ष्य है। वहीं, व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन के साथ हुई बातचीत अनुसार कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि शहर में गत मंगलवार से अतिक्रमण हटाओ मुहिम जारी है। तीन दिन की कार्रवाई का असर साफ नजर आ रहा है और शहर की सड़कें पांच से 10 फुट तक चौड़ी हो गई हैं। तीन दिन के अंदर प्रशासन करीब 400 चबूतरे और टीन शेड तुड़वाकर अतिक्रमण हटवा चुका है। इसी के तहत वीरवार को भी रेलवे स्टेशन के सामने से लेकर पुरानी सब्जी मंडी होते हुए आंबेडकर चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। वीरवार को करीब साढ़े तीन घंटे अभियान चला।
- लोग बोले : डीसी दबंग और निडर, जिले में टिकी रहे तीन-चार साल तो हो जाएगा सुधार
डीसी मनदीप कौर के इस कदम की चर्चा पूरे शहर में है। लोग खुले तौर पर कह रहे हैं कि डीसी निडर हैं और ऐसा अधिकारी जिले में तीन-चार साल कम से कम टिकना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनदीप कौर ने अतिक्रमणकारियों को आईएएस की पावर दिखा दी। यहां तक की वो किसी राजनेता की भी नहीं सुन रहीं। बाकायदा उनके इस निर्णय की तारीफ सोशल मीडिया पर हो रही है।
- काठमंडी में का बदला स्वरूप, स्वेच्छा से हटाया सामान
बुधवार को काठमंडी पहुंचकर टीम ने सड़क की पैमाइश की थी। उस दौरान व्यापारियों ने खुद ही टीन शेड उतारने के साथ फड़ की जगह रखा सामान उठाने की बात कही थी। इस पर अमल करते हुए वीरवार सुबह ही व्यापारी 20 से 25 फुट लंबी टीन शेड हटवाने और फड़ की जगह रखा सामान उठवाने में जुट गए। शाम तक काठमंडी रोड पर अधिकतर दुकानों के आगे फड़ वाली जगह खाली नजर आई।
-अच्छा काम करने की बात कहकर पुलिस कर्मचारियों को पहनाई माला
शहर से अतिक्रमण हटने की खुशी में कहीं लोग मिठाई बांट रहे हैं तो कहीं खुले तौर पर इस कार्रवाई को सही बता रहे हैं। वीरवार को रेलवे रोड पर चलाए गए अभियान के दौरान तो एक दुकानदार ने एसआई राजबीर सिंह को फूलों की माला पहना दी। उक्त शख्स ने कहा कि साहब आप बहुत अच्छा काम कर रहे हो। अतिक्रमण हटने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
- विरोध करने वालों को पुलिस ने खदेड़ा
वीरवार को रेलवे रोड पर की गई कार्रवाई का तीन जगहों पर विरोध किया गया। नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी टीम के साथ मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने विरोध करने वालों पर सख्ती बरती और उन्हें पकड़कर पीछे धकेल दिया। यहां तक कि कुछ दुकानदार तो एक-दूसरे के चबूतरे की तरफ इशारा कर टीम से तोड़ने की मांग करते भी दिखे।
वर्जन:
शहर को अतिक्रमणमुक्त करना हमारा लक्ष्य है और इसका फायदा शहरवासियों को ही मिलेगा। यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। दुकानदारों से अपील है कि वो व्यवधान डालने के बजाय शहर के सुंदरीकरण के कार्य में सहयोग करें।
-अभे सिंह यादव, ईओ, नगर परिषद, चरखी दादरी।