चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर में नई सीवर लाइनें बिछाने का काम तो तकरीबन पूरा कर लिया है। अब मानसून सीजन से पहले पुरानी सभी लाइनों की सफाई करवाने की जरूरत है, ताकि बारिश के समय ये लाइनें पानी के तेज प्रवाह को झेल सकें और ब्लॉक नहीं होने पाए। शहर में करीब 175 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन है।
बता दें कि शहर के लोगों की सीवरेज व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है। आए दिन शहर में कभी कहीं तो कभी कहीं लाइन जाम हुई रहती है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है। शहर का रेलवे रोड, पुरानी अनाज मंडी रोड, गीता भवन, सिटी थाना आदि क्षेत्र निचाई में होने के कारण बारिश का पानी जमा हो जाता है। बीते मानसून सत्र में तो कई दिनों तक बाजारों में पानी जमा रहा था। जिसके कारण व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था।
आमतौर पर शहर की सीवरेज व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते आ रहे हैं। शहर में सीवरेज के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। शहर की सीवरेज व्यवस्था हर मौसम में ठप बनी रहती है। सर्दियों में भी सीवरेज ब्लॉकेज हो गई थी। पिछले साल भी शहर में 13 सौ मीटर लंबी सीवर की नई लाइन बिछाई गई थी। पुरानी सीवर लाइनें ज्यादा दिक्कतें बढ़ा रही हैं।
शहर में इन क्षेत्रों में स्थिति सबसे ज्यादा खराब
इस समय सीवर के कई नालों की मरम्मत की भी जरूरत है। इसी प्रकार रेलवे रोड, रोहतक रोड पर बना नाला, ढाणी रोड बरसाती नाला की मरम्मत एवं सफाई करने की जरूरत है ताकि पानी की निकासी नियमित रूप से हो सके। शहर के तिकोना पार्क, चरखी दरवाजा, गांधीनगर कॉलोनी, पूर्ण मार्केट, रोहतक रोड, शनिदेव मंदिर वाली गली सहित विभिन्न भागोंं में सीवर लाइनें ज्यादा खराब बनी रहती हैं। बारिश से पहले इन सभी लाइनों की जेटिंग मशीन से सफाई करवाए जाने की जरूरत है ताकि बारिश के पानी की निकासी ठीक प्रकार से हो सके और शहर में बारिश का पानी न रुकने पाए।
शहर में इन क्षेत्रों में बिछाई गई है लाइन
विभाग ने शहर के अंदरुनी भागों में नई सीवर लाइनें बिछाई हैं। इन लाइनों के बिछाए जाने से बाजारों में बारिश के दिनों में जलभराव से इस बार राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के मुख्य बाजारों में हर साल पानी भरता रहा है। इस बार विभाग पूरी योजना के साथ काम रहा है। शहर में जरूरत के अनुसार नई लाइनें बिछाई गई हैं। जिनमें झाडू़ सिंह चौक से रोहतक चौक, किला रोड होते हुए डूंगरवाल जोहड़ तक लाइन बिछाई गई है। इसी प्रकार रेलवे रोड, पुराना बस स्टैंड, मेन बाजार दिल्ली रोड तक लाइन नई बिछाई गई है। विभाग को अब सभी पुरानी लाइनों की सफाई करवाने की जरूरत है। ताकि जलभराव की स्थिति का सामना न करना पड़े।
वर्जन
बारिश सीजन से पहले सभी सीवर लाइनों की सफाई करवाई जाएगी। अबकी बार मानसून सीजन में शहर में जलभराव नहीं होगा। विभाग का पूरा प्रयास है कि समय रहते काम पूरा हो जाए।
-बीके जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।