चरखी दादरी।लंबे समय से जर्जर झिंझर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को जल्द नया भवन मिलने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने भवन निर्माण के लिए एक करोड़ 66 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। जल्द ही भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। दूसरी ओर पुराना भवन जर्जर होने के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण पिछले लंबे समय से नए भवन का निर्माण करवाने की मांग कर रहे थे।
बता दें कि पिछले कई सालों से झिंझर राजकीय स्कूल के नए भवन की कमी खल रही थी। ग्रामीण अपने स्तर पर लगातार यह मांग उठा रहे थे, जो अब जाकर परवान चढ़ी है। वहीं, स्कूल भवन की व्यवस्था न होने के चलते यहां विद्यार्थी पढ़ने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए यहां नए भवन के निर्माण की दरकार थी।
हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन राजदीप फौगाट ने बताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की परेशानियों को देखते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से नए भवन का निर्माण करवाने की मांग की गई थी। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला व शिक्षा मंत्री कंवरपाल सिंह ने स्कूल भवन के पुनर्निर्माण को लेकर ग्रांट जारी करवा दी है। स्कूल भवन की ग्रांट जारी करने पर ग्रामीण हंसराज, धर्मेंद्र फौगाट, फूल सिंह, राजेश फौगाट, प्रदीप फौगाट, जोगेंद्र, हरिओम, अशोक, ज्ञान सिंह आदि ने आभार जताया है।
ये मिलेंगी भवन में सुविधाएं
राजकीय स्कूल के भवन में 8 नए कमरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 6 लैब, पुस्तकालय भवन व साइकिल स्टैंड का निर्माण भी किया जाएगा। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालयों का भी निर्माण होगा और चाहरदीवारी भी नई बनाई जाएगी।