शव लेकर पोस्टमार्टम करवाने सिविल अस्पताल पहुंचे परिजन।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। शीशवाला से एक जून हो लापता हुए आईटीआई कर्मचारी का शव 28 घंटे बाद बरसाना पंप हाउस से बरामद हुआ है। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया। इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है जबकि इससे पहले परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था। मृतक की पहचान शीशवाला निवासी राकेश (30) के रूप में हुई है।
बयान में मृतक के भाई संदीप ने बताया कि वो तीन भाई-बहन थे। उसका छोटा भाई राकेश नारनौल आईटीआई में बतौर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात था। मंगलवार रात की शिफ्ट में ड्यूटी करने के बाद उसका भाई घर आया था। बुधवार सुबह करीब दस बजे बाइक लेकर नहर पर नहाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वो घर वापस नहीं लौटा।
परिजनों को उसकी बाइक तिवाला-बिरही नहर के समीप खड़ी होने की सूचना मिली। परिजनों ने नहर में डूबने का शक होने पर इस मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस व फायर बिग्रेड वालों ने राकेश को तलाश करने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक भी राकेश का कुछ पता नहीं चला। वीरवार सुबह पुलिस ने मृतक की तलाश फिर से शुरू की। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे बरसाना पंप हाऊस से राकेश के शव को बरामद किया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश की शादी करीब दो साल पहले ही हुई थी।
पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। वीरवार दोपहर राकेश का शव बरसाना पंप हाउस के समीप से बरामद हुआ। सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।
राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी