चरखी दादरी। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली सुपर-100 परीक्षा की ओर जिला के विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। पिछले साल 150 विद्यार्थियों ने इसके लिए आवेदन किया था जबकि इस बार 449 पंजीकरण हुए हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 मई थी और चार जून को सुबह 11 बजे शहर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में यह परीक्षा होगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से सुपर-100 कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग के साथ छात्रावास और मैस की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सुपर-100 परीक्षा पास करना जरूरी है और इसके तहत चयनित विद्यार्थियों का बैच दो साल के लिए बनेगा। कोचिंग के साथ विद्यार्थियों को 11वीं और 12वीं की परीक्षा की भी तैयारी करवाई जाएगी। इसके अलावा सुपर-100 बैच का हिस्सा बनने के लिए विद्यार्थी का हरियाणा का निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा विद्यार्थी का राजकीय स्कूल से 60 प्रतिशत से अधिक अंक के साथ दसवीं पास होना जरूरी है। पिछले साल 80 फीसदी अंक इसके लिए अनिवार्य थे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए बैच के लिए परीक्षा आगामी चार जून को ली जाएगी। पिछले साल के मुकाबले इस साल तीन गुना से अधिक आवेदन विभाग के पास आए हैं। पिछले साल जिले के पांच विद्यार्थियों का इसके लिए चयन हुआ था और इस बार सरकार ने 300 विद्यार्थियों के चयन के आदेश दिए है और इस लिहाज से गत वर्ष के मुकाबले चयनित विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सुपर-100 में चयन के बाद विद्यार्थियों को करनाल, भिवानी व पंचकूला में स्थित छात्रावास में रहकर प्रतिस्पर्धा परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी।
दो घंटे में करने होंगे 70 प्रश्न हल, निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान
परीक्षा काठमंडी के राजकीय कन्या स्कूल परिसर में ऑफ लाइन होगी। इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित है और इस समयावधि में परीक्षार्थियों को 70 प्रश्न हल करने हैं। 40 प्रश्न विज्ञान से पूछे जाएंगे जिनमें फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलॉजी व मैथ के दस-दस नंबर के प्रश्न होंगे। जेई की तैयारी करने वालों को मैथ के प्रश्न हल करने होगें और नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बायोलॉजी विषय के प्रश्न हल करने होंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों से 40 प्रश्न जनरल एप्टीट्यूड के पूछे जाएंगे। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर एक चौथाई निगेटिव मार्किंग का भी प्रवाधान है।
विद्यार्थी डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड
डीएसएस वेनू शर्मा ने बताया कि दो जून से विद्यार्थी सुपर-100 की परीक्षा के लिए आवेदक विभागीय वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। दो जून से एडमिट कार्ड साइट पर डाले जा चुके हैं।
पंजीकरण के मामले में तीसरे नंबर पर है जिला
वहीं, अगर पंजीकरण की बात की जाए तो इस बार सबसे अधिक पंजीकरण करने के मामले में दादरी जिला राज्य में तीसरे नंबर पर रहा। दादरी जिले से ज्यादा सिर्फ करनाल व जींद जिले में ही विद्यार्थियों ने सुपर-100 के लिए पंजीकरण करवाया है।
सुपर-100 के लिए 449 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण के मामले में दादरी जिला प्रदेश में तीसरे नंबर पर है। चार जून को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
वीनू शर्मा, अतिरिक्त प्रभार डीएसएस, दादरी।