चरखी दादरी। जिले में भाजपा-जाजपा के नेताओं के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए अब खाप मास्टर प्लान तैयार करेगी। इसके लिए वीरवार को हुई सर्वजातीय महापंचायत में एक कमेठी गठित की गई है। इसके साथ ही खापों ने एलान किया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा शुरू की गई जनसभाओं को लेकर भी जल्द रणनीति तैयार की जाएगी। किसान आंदोलन में संख्या बढ़ाने को लेकर प्रत्येक गांव और शहर में रह रहे किसानों की सूची तैयार करने पर भी महापंचायत में सहमति बनी।
फौगाट खाप-19 की नेतृत्व में वीरवार को बाबा स्वामी दयाल धाम पर सर्वखापीय और सर्वजातीय महापंचायत आयोजित की गई। सुबह साढ़े 11 बजे दादरी और भिवानी की विभिन्न खापों और जनसंगठनों के पदाधिकारी एकत्रित हुए। पदाधिकारियों ने साढ़े तीन घंटे तक आंदोलन को गति देने और सरकार के षड्यंत्रों को नाकामयाब करने पर मंथन किया । इसके बाद सर्वसम्मति से दस प्रस्ताव पास किए गए। महापंचायत में पूर्व विधायक नृपेंद्र मांढी भी पहुंचे और उन्होंने किसान आंदोलन को जनआंदोलन बताया। महापंचायत में किसान संगठनों के अलावा व्यापार मंडल और विभिन्न समाज के प्रतिनिधिमंडल सदस्य भी मौजूद रहे।
फौगाट खाप के प्रधान बलवंत फौगाट ने कहा कि भाजपा नेता लगातार किसान आंदोलन पर बयानबाजी कर उकसाने का काम कर रहे हैं। इन नेताओं का जोरदार तरीके से विरोध किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विरोध प्रदर्शन में अनुशासन का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा और जजपा नेताओं का प्रवेश जिले में रोकने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के सदस्य एक कॉल पर ही एक जगह एकत्रित होकर शांतिपूर्वक तरीके से अनुशासन में रहते हुए इन संगठनों के नेताओं को काले झंडे दिखाकर विरोध करेंगे। दोपहर तीन बजे महापंचायत का समापन किया गया।
धाम का हॉल खचाखच भरा, 500 से ज्यादा लोगों ने लिया भाग
महापंचायत के दौरान हॉल खचाखच भरा रहा। महापंचायत में 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सांगवान खाप के सचिव नरसिंह डीपीई, श्योराण खाप के प्रधान बिजेंद्र बेरला, सतगामा खाप के प्रधान ओमप्रकाश, चिड़िया खाप के प्रधान राजवीर शास्त्री, हवेली खाप के प्रधान कप्तान रामप्रताप, नौगामा खाप के प्रधान मीर सिंह, पंवार खाप के प्रधान महावीर पंवार, जाटू खाप भिवानी के प्रधान राजसिंह, दादरी बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा, हरियाणा सब्जी मंडी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन जांघू, पंजाबी सभा के प्रधान नंदलाल ठुकराल, पूर्व चेयरमैन अजीत सिंह फौगाट, व्यापार मंडल के प्रधान रविंद्र गुप्ता, काठ मंडी प्रधान राजकुमार अधिक लोग मौजूद रहे।
16 अगस्त को गठित होंगी टीमें
16 अगस्त को सुबह दस बजे जिले की सभी खापें और संगठन मिलकर टीकरी बॉर्डर पर धरना प्रदर्शनकारी किसानों की संघर्षता को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए टीमों का गठन करेंगे। इनमें 36 बिरादरी के हजारों लोग शामिल होंगे।
महापंचायत में इन दस बिंदुओं पर हुई मंत्रणा
1- अविलंब तीनों कृषि वापस लेकर एमएसपी की गारंटी दी जाए।
2- आंदोलन में जान गंवाने वालों के परिजनों को आर्थिक सहायता व एक नौकरी दी जाए।
3- जिले में होने वाले सभी प्रदर्शनों में खापों व संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
4- राजनेताओं के विरोध के समय टोल से आने वाले किसानों की तादाद भी सुनिश्चित की जाए।
5- संख्या कम होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रवैया नरम रखना पड़ता है, ऐसा आगे न हो।
6- राजनेताओं का विरोध इस तरह किया जाए कि कोई भी नेता शहर या गांव तो क्या जिले में ही घुसने की हिम्मत न करे।
7- संयुक्त किसान मोर्चा के आदेशों का पालन करने।
8- सभी संगठन और किसान अपने अधीन आने वाले गांवों में किसानों की सूची तैयार करें।
9- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा शुरू जनसभाओं के खिलाफ रणनीति तैयार की जाए।
10- टीकरी बॉर्डर धरनास्थल के लिए 16 अगस्त से किसान कूच करेंगे।