चरखी दादरी। सरकार ने दमकल विभाग के संसाधनों में बढ़ोतरी करते हुए चार नई गाड़ियां दी हैं। अगले माह तक ये चारों गाड़ियां दमकल विभाग के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। इनमें से दो गाड़ियां बाढड़ा भेजी जाएंगी, जबकि दो गाड़ियों को मुख्यालय पर रखा जाएगा। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सितंबर तक चारों गाड़ियां पहुंचने के बाद संसाधनों की कमी दूर हो जाएगी। दूसरी ओर दमकल विभाग में कर्मचारियों की कमी अभी बरकरार है।
जिले में वाहन और कर्मचारियों की कमी होने की वजह से आग लगने की घटनाओं पर नियंत्रण पाना दमकल विभाग के लिए चुनौती से कम नहीं है। विशेषकर बाढड़ा उपमंडल जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूरी पर है, लेकिन वहां एक भी दमकल गाड़ी नहीं है। खंड बौंद कलां के लिए भी दो दमकल गाड़ी की जरूरत है। फिलहाल जिले में 21 कर्मचारियों का स्टाफ है, जबकि जिला के अनुरूप 66 कर्मचारियों का स्टाफ चाहिए। फायर ऑफिसर का पद भी जिला बनने के साढ़े चार साल बाद तक सृजित नहीं हो सका है।
शहर व 172 गांवों के लिए मौजूदा दमकल गाड़ियां अपर्याप्त
जिला में इस समय तीन बड़ी और एक छोटी दमकल गाड़ी के अलावा दो दमकल बाइक हैं। जिला में 172 गांवों के अलावा शहर की आबादी भी करीब 80 हजार के पार है। उपमंडल बाढड़ा में भी 54 गांव हैं। इसी प्रकार बौंदकलां कस्बा की आबादी भी करीब 30 हजार है और इसमें 25 से अधिक गांव शामिल हैं। इस लिहाज से मौजूदा दमकल गाड़ियां अपर्याप्त हैं। जिला के लिए कम से पांच बड़ी गाड़ी और दो छोटी गाड़ियों के अलावा चार दमकल बाइक होनी चाहिए।
शहर में हर साल होती है आग लगने की दो से तीन बड़ी घटनाएं
शहर में दस कॉटन और ऑयल के अलावा पाइप फैक्ट्री भी हैं। हर साल शहर में दो से तीन आग लगने की बड़ी घटनाएं होती हैं और उस दौरान अन्य जिलों से भी दमकल की गाड़ियां मंगवानी पड़ती हैं। करीब तीन साल पहले रोहतक रोड स्थित एक पाइप फैक्टरी में आग लग गई थी, जिस पर सात घंटे बाद काबू पाया गया था।
नारनौल के फायर अफसर के पास एडिशनल चार्ज
जिला में अब तक फायर ऑफिसर का पद भी सृजित नहीं हुआ है। इस समय नारनौल के फायर ऑफिसर को एडिशनल चार्ज सौंप रखा है जो सप्ताह में दो या तीन दिन चरखी दादरी कार्यालय में आते हैं। इसके अलावा स्टाफ के अन्य पद भी खाली हैं। लंबे समय से दमकल विभाग में स्टाफ की कमी पूरी होने का इंतजार है।
वर्जन::
जिला को चार दमकल गाड़ियां मिलेंगी। इसके लिए मांग भेज रखी है। राज्य सरकार 250 नई दमकल गाड़ियां खरीद कर रही है। अगले माह तक यह गाड़ियां मिलने की उम्मीद है।
सुरेश कुमार, दमकल अधिकारी