चरखी दादरी। जिले में तीसरे दिन भी कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। वीरवार को दो लोग संक्रमित मिले हैं, जिनमें एक बैंक कर्मचारी है और दूसरी छात्रा है। दोनों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है और उनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है। दूसरी ओर वीरवार को तीन मरीजों को स्वस्थ होने पर स्वास्थ्य विभाग ने डिस्चार्ज कर दिया है।
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि वीरवार को शहर निवासी 22 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित मिली है। उक्त युवती कॉलेज की छात्रा है और उसकी कोई हिस्ट्री सामने नहीं आई है। इसके अलावा अचीना निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। उक्त व्यक्ति एक बैंक का कर्मचारी है। उन्होंने बताया कि वीरवार को 965 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आईं, जिनमें दो रिपोर्ट पॉजिटिव और 963 निगेटिव आई हैं। सीएमओ ने बताया कि वीरवार को जिले से कोरोना जांच के लिए 1013 सैंपल लिए गए हैं और इनमें से 808 सैंपल की रिपोर्ट अभी लंबित हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले से अब तक कोरोना जांच के लिए विभाग 315765 सैंपल ले चुका है जिनमें से 309867 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि दो नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5090 हो गई है, जिनमें 4934 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। जिले में अब तक 45115 लोग कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए हैं।
10 दिन के अंदर जिले में मिल चुके 11 केस
जिले में पिछले दस दिनों में 11 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। 28 दिसंबर को सबसे पहले एक महिला संक्रमित मिली थी। इसके बाद 29 दिसंबर को एक युवक और 31 दिसंबर को उसका भाई संक्रमित मिला था। एक, दो और चार जनवरी को जिले में एक-एक केस मिला था। पांच जनवरी को तीन और छह जनवरी को जिले में दो केस मिले हैं।
वीरवार को कोरोना के दो नए केस मिले हैं जबकि तीन मरीज स्वस्थ हुए हैं। कोरोना केस बढ़ रहे हैं और लोगों को ऐसे में पूरी सावधानी बरतने की जरुरत है। लोगों से मेरी अपील है कि गाइडलाइन का पालन करें और जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीनेशन नहीं करवाया है, वो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर वैक्सीन की डोज लगवाएं।
डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ।