चरखी दादरी। पिछले एक सप्ताह से जिले में हर आठवें सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। इस समयावधि में विभाग ने 3609 सैंपल लिए हैं, जिनमें से 477 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके जिले में संक्रमण दर भी 8.7 प्रतिशत बढ़कर 13.21 प्रतिशत पहुंच गई है। तीसरी लहर में (28 दिसंबर से 24 जनवरी तक) जिले की ओवरऑल संक्रमण दर 4.51 फीसदी रही है। हालांकि इस समयावधि में रिकवरी रेट भी करीब 35.89 प्रतिशत बढ़ी है। सोमवार को जिले में 28 नए केस मिले हैं, जबकि 73 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
जिले में 18 जनवरी तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 5541 थी। इस समयावधि तक विभाग ने 323998 सैंपल लिए थे, जबकि कोरोना को मात देने वालों की संख्या 5109 थी। अब 24 जनवरी की स्थिति पर नजर डालें तो जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6018 पहुंच चुकी है, जबकि कोरोना को 5399 मरीजों ने मात दी है। इस एक सप्ताह में 477 लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं इनमें से 299 ने कोरोना को मात भी दी है। ऐसे में इस एक सप्ताह में संक्रमण दर 13 प्रतिशत से अधिक रही है। वहीं, तीसरी लहर में 938 केस मिल चुके हैं, लेकिन किसी को अस्पताल में भर्ती करने की नौबत नहीं आई है और जिले में तीसरी लहर के दौरान अब तक कोई मौत भी नहीं हुई है।
सैपलिंग बढ़ाई, सोमवार को लिए 915 सैंपल
पिछले एक सप्ताह में सैंपल प्रक्रिया धीमी रही, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने 24 जनवरी से इसे फिर से तेज किया है। सोमवार को कोरोना जांच के लिए विभाग ने 915 सैंपल लिए, जबकि इससे पहले के सात दिनों में अधिकतम 450 सैंपल ही लिए गए थे। सोमवार को जो 28 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें आठ महिलाएं शामिल हैं। नए संक्रमितों में से 16 शहर और 12 गांवों के रहने वाले हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 17 स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन मुहिम चलाई। सिविल अस्पताल में सबसे अधिक 488 लोग कवर किए गए, जबकि सबसे कम वैक्सीनेशन बलकरा पीएचसी पर हुआ। बलकरा में महज 21 लोगों को ही वैक्सीन लगाई गई।
शहर और इन गांवों में सामने आए नए केस
सिविल अस्पताल क्षेत्र निवासी तीन लोग सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अलावा प्रेम नगर, वार्ड-20, एमसी कॉलोनी, वार्ड-4, वार्ड-14, वार्ड-18, वार्ड-7, प्रेम नगर, घिकाड़ा रोड, बधवाना गेट आदि शहरी क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, सोमवार को अचीना, दुधवा, बलाली, मिसरी, रामनगर, सांवड़, डुडीवाला, सांकरोड और हंसावास में भी कोरोना केस मिल हैं।
1963 लोगों को लगाई वैक्सीन, 177 ने ली एहतियाती डोज
जिला स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीनेशन मुहिम भी लगातार जारी है। वैक्सीनेशन प्रभारी डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि सोमवार को 1963 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 177 ने एहतियाती डोज लगवाई जबकि 182 किशोरों का भी वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को 1146 लोगों ने को-वॉक्सिन और 817 ने कोविशील्ड लगवाई। सोमवार को सिविल अस्पताल में सबसे अधिक 488 लोग कवर किए गए।
वर्जन::
सोमवार को 28 नए केस मिल हैं, जबकि 73 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। सैंपल प्रक्रिया अब विभाग ने तेज कर दी है और सोमवार को 915 सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट अभी लंबित हैं। डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ।
फोटो 23
कोरोना जांच के लिए सैंपल देती महिला।
फोटो 24
युवक को वैक्सीन लगाते हुए स्टाफ नर्स।