चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की अगुवाई में वीरवार को गुप्तचर व आरटीए विभाग की संयुक्त टीम ने कमोद स्थित एक निजी स्कूल के वाहनों की जांच की। इस दौरान सात वाहनों मिले, जिन पर न तो पीला रंग किया गया था और न ही स्कूल का नाम लिखा था। इस अनियमितता पर संज्ञान लेकर आरटीए टीम ने 87 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता काे गुप्त सूचना मिली थी कि एक निजी स्कूल ने घरों से विद्यार्थियों को लाने व छोड़कर आने के लिए निजी वाहन हायर किए हुए हैं। इस आधार पर दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने आरटीए व गुप्तचर विभाग टीम को साथ लेकर वाहनों की जांच की। इस दौरान टीम ने चार क्रूजर और तीन ईको की चेकिंग की। इन सभी में विद्यार्थी तो सवार मिले, लेकिन स्कूल वाहन पॉलिसी का पालन नहीं किया गया। इसके चलते आरटीए टीम ने एक क्रूजर को जब्त कर लिया। सातों वाहनों पर कुल 87 हजार का जुर्माना किया।