भिवानी। जिले के गांव गैंडावास में तीन घरों में चोरी की वारदात करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उनका तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
गांव गैंडावास निवासी नरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें उसने 14 दिसंबर की रात को घर में घुसकर चोरी करने की शिकायत दी थी। चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे थे और घर से कपड़े और नकदी चोरी कर ले गएथे। उसी रात गांव के ही राजेश व राजेंद्र के घर पर भी चोरी की वारदात हुई थी। इस संबंध में सिवानी पुलिस ने केस दर्ज किया था।
सिवानी पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार ने गांव में तीन घरों के अंदर चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुभाष वासी वार्ड तीन सिधमुख राजस्थान, कमलजीत वासी मानसा पंजाब व करमजीत वासी मानसा पंजाब के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। इस मामले में दो आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।