भिवानी। कोविड-19 महामारी संक्रमण के एकाएक अधिक केस सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की सिफारिश पर जिला प्रशासन द्वारा शहर में सेक्टर 13 और विद्या नगर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। जिलाधीश एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन राजेश जोगपाल ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं। इन क्षेत्रों में समुचित सेवाओं व एहतियात बरतने को लेकर पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली निगम एवं नगर परिषद अधिकारियों/पंचायत विभाग की ड्यूटी लगाई है। माइक्रो कंटेनमेंट जोन में लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जिलाधीश द्वारा जारी किए गए आदेशानुसार हुडा सेक्टर 13 में कोरोना महामारी संक्रमण के एकाएक अधिक केस सामने आए हैं। ऐसे में यहां कंटेनमेंट जोन बनाया है। वहीं दूसरी ओर विद्या नगर में भी कोरोना महामारी संक्रमण के एकाएक अधिक केस सामने आने से कंटेनमेंट जोन बनाया है। जिलाधीश द्वारा जारी आदेशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस क्षेत्र में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करने के लिए टीमों का गठन कर दिया है, जो यहां के संक्रमण से संदिग्ध लोगों के सैंपल लेंगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों में आशा वर्कर, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। जिलाधीश द्वारा सेक्टर-13 व विद्या नगर के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इस बारे में सिविल सर्जन को जरूरी निर्देश दे दिए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।