भिवानी। दादरी गेट से ढाणा रोड पर फाग के दिन देर शाम को स्कूटी से घर लौट रहे युवक की स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दादरी गेट क्षेत्र वासी 26 वर्षीय अजीत के रूप में हुई। जैन पुलिस चौकी ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार सुबह उसका पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के चाचा के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
दादरी गेट क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय अजीत मेहनत मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे स्कूटी से घर लौट रहा था कि इसी दौरान ढाणा रोड पर शांति गार्डन के समीप ही उसकी स्कूटी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर दूर जा गिरा। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी जैन पुलिस चौकी में दी गई। जैन पुलिस चौकी के जांच अधिकारी धर्मबीर ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक के चाचा कर्मवीर के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।