भिवानी। जिले में द पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में दो दिवसीय हड़ताल वीरवार को शुरू हुई। जिले के हड़ताल की अध्यक्षता एसोसिएशन के उपप्रधान विकास राठी ने की। पटवारी और कानूनगो के हड़ताल पर होने के कारण तहसील में काफी काम प्रभावित हो गए। जमन संबंधी कामों के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्र से 30 से 40 किलोमीटर की दूरी तय कर कोई फर्द लेने, जमीन की कॉपी, त्रुटियों को ठीक करवाने, इंतकाल आदि करवाने के लिए पटवारखाने पहुंचे, मगर पटवारखाने के मुख्य द्वार पर ताला लटका होने के कारण उन्हें हताश होकर घर लौटना पड़ा।
लघु सचिवालय के सामने धरने को संबोधित करते हुए द पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन के उपप्रधान विकास राठी ने कहा कि पटवारी और कानूनगो के खिलाफ जो 7ए की उल्लंघना के मामले व चार्जशीट के मामले सरकार ने शुरू किए हैं, ये सही मायनों में तहसीलों से जुड़े ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिला नगर योजनाकारों ने जानबूझकर अवैध कॉलोनियां बनने दीं। सरकार ने 7ए में बदलाव कर साल 2017 में 7ए में बदलाव कर यह कानूनी लूपहोल डाला कि गैर मुमकिन भूमि की रजिस्ट्री हो सके और सारा मामला राजस्व विभाग के अधिकारियों व पटवारियों पर डाल दिया। पटवारी और कानूनगो की गिरदावरी में उपायुक्त और एसडीएम जांचते हैं और उसमें कुछ गलती मिल जाती है तो उसे ठीक करवाने के बजाय उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस और अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है, जोकि गलत है। विकास राठी ने कहा कि वे सैनिक की भांति कार्य में जुटे हुए हैं, बावजूद इसके सरकार उनके विभाग को जनता की नजरों में गिरा रही है, जोकि निंदनीय है। धरने को सुनील प्रधान, दलीप कानूनगो, पटवारी सुमेर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंगल राठी, कुलदीप कानूनगो, अशोक, कृष्ण, जगदीश, दिनेश, पूर्ण शर्मा कानूनगो, दयाराम, हरकेश, सुरेंद्र, नितिन, माडूराम, विक्रांत, हर्ष, विनय, प्रदीप, संदीप, रविंद्र, बलबीर, राजेश ,मंजीत, जतिन, ललित पटवारी उपस्थित रहे।
ये बोले तहसील में पहुंचे लोग
खेत की जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना है। इसके लिए बैंक वालों ने जमीन की फर्द मांगी है। सुबह पटवारखाने में आया था, जहां आने के बाद पता चला की पटवारी हड़ताल पर हैं। इसकी वजह से गेट पर ताला लटका हुआ है। पटवारियों की हड़ताल की वजह से आमजन परेशान हैं।
- ऋषि, निवासी हालुवास।
विभाग के द्वारा खेवट में नाम गलत दर्ज कर दिया, जिसकी वजह से दस्तावेजों में त्रुटि हो गई है। ऑफिस से छुट्टी लेकर नाम ठीक करवाने के लिए आया था। मगर यहां पटवारखाना ही बंद है। पहले भी दो-तीन बार चक्कर काट चुके हैं। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
- राकेश कुमार, निवासी बाबरबास।
जमीन के खाते अलग करवाए थे, आज इनकी कॉपी लेने के लिए आया था। पटवारियों की हड़ताल होने की वजह से बिना कॉपी लिए ही लौटना पड़ेगा। इसके लिए कई बार चक्कर काट चुके हैं। बार-बार किराया लगाकर आ रहे हैं। मगर कोई काम नहीं हो रहा है। अब आगे पता नहीं कब काम होगा।
- बिजेंद्र, निवासी बडेसरा।
पिछले दिनों जमीन के खाते अलग-अलग करवाए थे। पटवारी से जमीन के अलग खातों की कॉपी लेने के लिए आया था। अब यहां पटवारखाने पर ताला पटका हुआ है। खेत का काम छोड़कर यहां आया था और अब यह काम भी नहीं हुआ। हड़ताल की वजह से काफी परेशानी है।
- अनिल, निवासी बडेसरा।