हरियाणा के भिवानी में अब सरकारी राशन डिपो पर पिछले 10 माह से बकाया स्टॉक में रखे सरसों तेल से गरीबों के घर की रसोई में तड़का लगेगा, लेकिन यह तेल कुछ दिन बाद ही एक्सपायर हो जाएगा। दो लीटर की सरसों तेल की बोतलों पर लिखी हिदायतों में एक साल तक ही इसे इस्तेमाल लायक बताया गया है। कई बोतलें तो ऐसी दी जा रही हैं, जिनकी मियाद इसी माह समाप्त होने वाली है।
जरूरत 800 लीटर की स्टॉक में सिर्फ 36 लीटर
शास्त्री नगर कॉलोनी के डिपो होल्डर अनिल कुमार ने बताया कि विभाग ने स्टॉक में बचे सरसों तेल के वितरण का फैसला लिया है। मेरे डिपो पर 800 लीटर सरसों तेल की डिमांड है, लेकिन बचा है सिर्फ 36 लीटर तेल। उलझन इस बात की भी है कि किसे दें और किसे मना करें। बोतल पर एक्सपायरी डेट भी अप्रैल की है। उपभोक्ता भी हमारी बातों को नहीं समझ रहे हैं, विभाग ने बुरे फंसा दिए हैं।
खाते में पैसे आने के लिए दस माह से इंतजार कर रहे गरीब
बीपीएल परिवार की सदस्य सुमित्रा, काली देवी, कमला रानी, महेश कुमार, मुकेश व रीना का कहना है कि पहले उन्हें हर माह दो लीटर सरसों तेल 40 रुपये में मिल जाता था। बाजार में तेल महंगा हो गया है। सरकारी डिपो पर भी बंद कर दिया है। दस माह से खाते में 250 रुपये के हिसाब से पैसे आने का इंतजार कर रहे हैं। डिपो पर जाते हैं तो डिपोधारक कहता है कि उसे कुछ नहीं पता, अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं, गरीब की रसोई में बाजार से महंगा तेल महंगाई का तड़का लगा रहा है। गरीबों पर दोहरी मार पड़ रही है।
फरवरी से अप्रैल तक एक्सपायर हो जाएगा सरसों तेल
हैफेड द्वारा सरकारी राशन डिपो पर मई माह से पहले भेजी गईं सरसों तेल की दो लीटर की बोतलों पर अलग-अलग पैकिंग तिथियां अंकित की गई हैं। यानी इनकी पैकिंग की तारीख लिखी हुई है। पैकिंग के बाद ये तेल 12 माह तक ही प्रयोग में उत्तम बताया गया है। कई डिपो पर तो बचा हुआ स्टॉक दस से 11 माह या इससे अधिक पुराना हो चुका है। जिसकी वजह से कई बोतल तो आगामी 20 दिन बाद ही एक्सपायरी डेट की हो जाएगी। पड़ताल में सामने आया है कि कुछ बोतलों की उपयोगिता मियाद तो फरवरी में ही पूरी होने वाली तो कुछ की मार्च और अप्रैल में पूरी हो जाएगी। (संवाद)
फरवरी में ही खत्म करना है स्टॉक
फरवरी में डिपो पर बकाया सरसों तेल स्टॉक को खाली करना है। इसलिए प्रत्येक बोतल पर 50 रुपये कार्डधारक से लेने हैं, जबकि पिछले साल 40 रुपये दो लीटर तेल के लिए थे। इसमें दस रुपये डिपोधारक का कमीशन शामिल किया है। सरसों तेल डिपो पर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर वितरण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तेल की एक्सपायरी डेट में समय बचा है। - मुकेश कुमार, एएफएसओ, सरकारी बिक्री केंद्र भिवानी।