भिवानी। स्वास्थ्य विभाग में जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए निर्धारित सीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों के रजिस्ट्रेशन का फर्जीवाड़ा सामने आया है। खरककलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर ने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी है। सदर पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में खरक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल आफिसर डॉ. राजेश ने बताया कि खरककलां पीएचसी के सीआरएस पोर्टल की फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर जन्म-मृत्यु का फर्जी पंजीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि पोर्टल की आईडी का इस्तेमाल स्टाफ नर्स सुशीला देवी करती हैं। स्टाफ नर्स ने उन्हें एक जुलाई को बताया कि 23 जून को करनाल के अलग-अलग स्थानों से जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। ये सभी जन्म प्रमाणपत्र खरक पीएचसी से जारी किए गए हैं। इनमें पंकज करनाल, वीना रानी करनाल, जोगेंद्र झज्जर के नाम से भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। डॉ. राजेश ने पुलिस को बताया कि खरक पीएचसी का सीआरएस पोर्टल ब्लॉक हो चुका है। जिसमें एंट्री नहीं हो पा रही है। उन्होंने पुलिस को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सदर पुलिस थाना एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र रजिस्ट्रेशन मामले में सदर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं मामले की सूचना स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दी है। इस फर्जीवाड़े के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा है।