फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोप : बेटे के साथ रंजिश को लेकर की पिता की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। गांव कुसुंभी में चाकुओं से गोदकर 51 वर्षीय किसान रमेश की हत्या प्रकरण में मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का शक जताया है। आरोप है कि रमेश की हत्या उसके बेटे के साथ चल रही रंजिश को लेकर की गई है। शुक्रवार को लोहारू के डीएसपी व जूईकलां पुलिस थाना प्रभारी ने वारदात स्थल का मुआयना किया। एफएसएल के साथ साइबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंची।
विज्ञापन

पुलिस ने आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की करीब पांच टीमें लगी हैं। वहीं मृतक के छोटे भाई पवन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
जूईकलां पुलिस थाने में दी शिकायत में गांव कुसुंभी निवासी पवन कुमार ने बताया कि वे सात भाई हैं। सबसे बड़ा उमेद सिंह, प्रकाश, रमेश, सुरेश, सुरेंद्र, मुकेश व सबसे छोटा वह है। उसने बताया कि वीरवार शाम सात बजे वह खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने कहा कि उसका भाई रमेश कहां है। उससे बात करनी है। युवक ने उसके भाई रमेश के लड़के जगत जो जेल में बंद हैं, उसके मामले में समझौता कराने की बात कही थी। जिसके बाद उसने युवकों से कहा कि वह उनकी बात अपने भाई तक पहुंचा देगा, लेकिन 20 मिनट बाद ही उसके भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने की फोन पर सूचना मिली। वहीं मृतक के भाई सुरेंद्र ने बताया कि उसका भाई रमेश खेत में पैदल ही जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। रमेश पर जिस समय जानलेवा हमला हुआ, उस समय उसने अपने दामाद रोहित के पास चांग फोन मिलाकर बताया था। जिसके बाद ही परिवार के लोग वारदात स्थल की तरफ दौड़े थे।
विज्ञापन

यह बताई जा रही रंजिश
मृतक रमेश की छह लड़कियां और एक बेटा है। उसकी पांच बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका बेटा व एक बेटी अभी अविवाहित हैं। उसका 22 वर्षीय बेटा जगत पिछले तीन माह से जेल के अंदर है। उस पर गांव की ही एक 40 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था, जिसके बाद उस महिला ने भी आत्महत्या कर ली थी। इसी मामले की एक जुलाई को भिवानी न्यायालय में भी सुनवाई थी, जिसकी तारीख पर रमेश भी सुबह कोर्ट गया था। रमेश के परिजन उस मृतक महिला के पति पर हत्या कराने का शक पुरानी रंजिश को लेकर जता रहे हैं।
पुलिस की पांच टीमें आरोपियों का लगा रहीं सुराग
गांव कुसुंभी में हत्याकांड के बाद पुलिस की पांच टीमें हत्यारोपियों का सुराग लगाने मेें जुट गई हैं। पुलिस की दोनों सीआईए की टीमें, साइबर सेल, जूईकलां पुलिस थाना, डीएसपी की टीम भी जांच में जुटी है। वहीं पुलिस आसपास के गांवों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लोहारू के डीएसपी अरविंद दहिया, जूईकलां पुलिस थाना एसएचओ सतपाल ने भी वारदात स्थल का काफी बारीकी से मुआयना किया।
गोली मिली, चाकू से पांच बार हुए थे वार
रमेश का शुक्रवार को जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के दौरान रमेश के शरीर से एक गोली भी निकली है, जबकि हत्यारों ने उसकी जान लेने के लिए चार से पांच बार चाकुओं से वार किया था। चाकू के वार काफी गहरे थे, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को रमेश के शव का जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही हत्या व उसके पीछे के मकसद का पुलिस खुलासा कर देगी।
विज्ञापन

-सतपाल, एसएचओ, जूईकलां पुलिस थाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें