युवक का मुंह काला कर जूतों की माला पहनाकर जुलूस निकालते लोग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के भिवानी जिले के दो गांवों में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक दिव्यांग, मंदबुद्धि युवक का मुंह काला कर उसे जूतों की माला पहनाई गई और एक गांव से दूसरे गांव तक जुलूस निकालते हुए ले जाया गया। वहीं युवक के फोटो फेसबुक पर भी वायरल किए गए। हालांकि मामला 15 से 20 दिन पुराना है, मगर अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हुआ यह है कि एक गांव निवासी अनुसूचित जाति के एक युवक पर दूसरे गांव की महिलाओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया। साथ ही उसकी शिकायत पुलिस चौकी में भी दी। बाद में दोनों पक्षों ने पुलिस से दो दिन के लिए बातचीत का समय ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग एकत्र हुए और कार्रवाई नहीं कराने की एवज में सजा के नाम पर युवक का मुंह काला कर दिया और उसे जूतों की माला पहना दी। इसके बाद उसका जुलूस निकालते हुए एक गांव से दूसरे गांव तक ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: अनुसूचित जाति के लोगों का बहिष्कार: अपने ही गांव में बेगाने हुए लोग, दूसरे गांव से दूध, राशन सहित जरूरत का सामान लाने को मजबूर
फेसबुक पर पूछी राय, सही किया या गलत
घटना के बाद एक युवक ने अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट डालकर कमेंट किया कि उसने युवक का मुंह काला करने और जूतों की माला पहनाने का फैसला किया है। साथ ही उसने लोगों से भी इस मामले में उनकी राय मांगते हुए पूछा कि यह उसने सही किया है या गलत।
यह बहुत ही शर्मनाक घटना है। मुझे भी इसकी जानकारी मिली थी। मगर मैं उस बैठक में शामिल नहीं था। इस मामले में निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। मगर गांव की पंचायत का इससे कोई लेना-देना नहीं है। -सरपंच प्रतिनिधि
इस घटना ने मानवता को शर्मशार कर दिया है। इसमें जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। गांव की पंचायत का भी इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। जो लोग इस फैसले में शामिल हुए थे, वे अपने निजी तौर पर वहां पहुंचे थे। -सरपंच प्रतिनिधि
मामला संज्ञान में आया है और यह बहुत गंभीर भी है। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के आधार पर ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- अजित सिंह शेखावत, एसपी, भिवानी