भिवानी। फर्जी मार्कशीट से एक भाई फौज में नौकरी कर आया तो दूसरा फर्जी राशन कार्ड से राशन ले रहा है। मामला गांव राजगढ़ का है। अब पुलिस ने एक शिकायत के बाद दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्रामीण कृष्ण कुमार ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति फर्जी मार्कशीट के सहारे फौज में भर्ती हुआ। अब वह फौज से रिटायर होकर आ गया है। उसी का भाई फर्जी राशन कार्ड का प्रयोग कर रहा है। न केवल राशन डिपो से राशन ले रहा है बल्कि अन्य कार्यों में भी प्रयोग किया जा रहा है। दोनों फिलहाल भिवानी शहर में बंसीलाल पार्क के पास रहते है। वहां राशन कार्ड बनवाने के साथ ही गांव में भी राशन कार्ड बनवा रखा है। पुलिस ने शिकायत के बाद दोनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे सदर थाना से एएसआई प्रेम कुमार ने बताया कि मूलरूप से रूपगढ़ व हाल बंसीलाल पार्क क्षेत्र में रहने वाले दो भाइयों राज कुमार व बिजेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। बिजेंद्र पर आरोप है कि वह फर्जी 10वीं की मार्कशीट पर फौज में नौकरी करके आया है जबकि दूसरे पर फर्जी तरीके से दो दो राशन कार्ड बनवाने का आरोप है। अभी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही सब कुछ साफ होगा।