हरियाणा के भिवानी के तोशाम में बाईपास जूई नहर के मोड़ पर सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में बलैनो कार नहर में जा गिरी। नहर में साढ़े सात फूट से अधिक पानी था, जिसके अंदर डूबने से कार में सवार मेडिकल स्टोर संचालक की मौत हो गई। जबकि चालक पानी में डूब रही कार की खिड़की खोलकर बाहर निकलने में कामयाब रहा। क्रेन की मदद से नहर में डूबी कार को बाहर निकाला गया। जिसके बाद शव को लेकर सदर पुलिस जिला नागरिक अस्पताल पहुंची।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन रेवाड़ी के गांव ढहीना निवासी 33 वर्षीय मनोज ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में हवलदार है और राजौरी गार्डन में तैनात है। वह अपने दोस्त 35 वर्षीय ढहीना निवासी विकास के साथ गांव से हांसी के नारनौंद अपने फूफा की बलैनो गाड़ी में जा रहे थे।
विकास अपनी पत्नी और दो बच्चे ढाई साल की बेटी और सात साल के बेटे को अपनी ससुराल जा रहा था। विकास का गांव में ही मेडिकल स्टोर है। विकास दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई ज्योति प्रसाद भी बीमार रहता है जो राजस्थान में दवाई लेने के लिए गया हुआ था।
गाड़ी चालक मनोज ने बताया कि जब वहभिवानी के तोशाम बाईपास पर पहुंचा तो अचानक ही एक संकरे मोड़ पर आगे से ट्रैक्टर को आता देख उसे बचाने की कोशिश में कार पर से उसका संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे नहर में जा गिरी। नहर में पानी ज्यादा था। उसने जैसे तैसे खिड़की खोली और डूब रही गाड़ी से बाहर आ गया।
जबकि पानी के तेज बहाव और खिड़की नहीं खुलने की वजह से विकास डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला और फिर विकास को कार से निकालकर उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि कार की ज्यादा रफ्तार थी, सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में कार नहर में जा गिरी। घायल चालक का बयान दर्ज कर विकास के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।