हिसार में परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षा केंद्र के बाहर कमरे की खिड़की से एक व्यक्ति अपने मोबाइल में प्रश्नपत्र की फोटो खींच रहा था और परीक्षार्थी प्रश्नपत्र को सीधा किए हुए था। यह नजारा था राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भादनी-2 झज्जर का। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन के विशेष उड़नदस्ते ने यह सब देखा। टीम को देख आरोपी व्यक्ति मोबाइल फेंक भागने लगा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी व्यक्ति को और आरोपी परीक्षार्थी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गुरुवार को हुई भूगोल की परीक्षा में 66 नकलची पकड़े गए।
परीक्षा केंद्र राकवमावि., भदानी-2 (झज्जर) में प्रश्नपत्र को आउट करने का प्रयास कर रहे परीक्षार्थी अनुक्रमांक 3022124180 के खिलाफ एवं मोबाइल पर फोटो लेने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है और दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इसी केंद्र पर कक्ष नंबर 11 में दो से अधिक नकल के मामले पकड़े जाने पर पर्यवेक्षक राजेश को ड्यूटी से हटाया गया।
गुरुवार को हुई परीक्षा में दो पर्यवेक्षकों को ड्यूटी से हटाया गया और दो प्रतिरूपण के केस दर्ज किये गए। प्रदेशभर में 823 परीक्षा केंद्रों पर 53201 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। बोर्ड चेयरमैन प्रो. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते ने जिला भिवानी व जींद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। रावमावि, गुजरानी (भिवानी) में एक नकलची पकड़ा। रावमावि, ईक्कस (जींद) में कार्यरत पर्यवेक्षक रमेश कुमार को ड्यूटी से हटाया।
बोर्ड उपाध्यक्ष वीपी यादव के उड़नदस्ते ने जिला रेवाड़ी में दो नकलची पकड़े। बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार के उड़नदस्ते ने हिसार में दो नकलची पकड़े। रैपिड एक्शन फोर्स उड़नदस्तों ने चार और अन्य उड़नदस्तों ने 43, विशेष उड़नदस्तों ने 14 नकलची पकड़े।
दूसरों की जगह परीक्षा देते दो दबोचे
जिला प्रश्नपत्र उड़नदस्ता हिसार ने एफसी कवमावि, हिसार-07 पर अनुक्रमांक 2205411980 असली परीक्षार्थी के स्थान पर नकली परीक्षार्थी को परीक्षा देते पकड़ा। राकवमावि रेलवे रोड़ करनाल-07(बी-1) में अनुक्रमांक 2207412023 असल परीक्षार्थी के स्थान पर नकली परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा था। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।