तोशाम(भिवानी)। खानक पहाड़ में पत्थर ढुलाई गाड़ी मालिकों और धनसर कंपनी के बीच फिर विवाद बढ़ गया। गाड़ियों के मालिकों व चालकों ने धनसर कंपनी के खिलाफ गाड़ी चालकों के साथ मारपीट व अभद्रता करने को लेकर रवींद्र खानक के नेतृत्व में धरना दिया। गाड़ी मालिकों व चालकों ने धनसर कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की और सिक्योरिटी इंचार्ज ने भी गाड़ी चालकों सहित चार पांच अन्य के खिलाफ उसके साथ मारपीट करने की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रवींद्र खानक ने बताया कि उनके चालकों के साथ धनसर कंपनी के कर्मचारी बदतमीजी से पेश आते व मारपीट भी करते हैं और अगर उनके अलावा कोई चालक लाइन भी तोड़ देता है तो उसके साथ मारपीट होती है। रवींद्र ने बताया कि पहाड़ में धनसर कंपनी के कर्मचारियों द्वारा बहुत ज्यादा शोषण किया जा रहा है जिसके विरोध में धरना शुरू किया है। जबतक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं पहाड़ में कार्यरत सिक्योरिटी इंचार्ज ने भी गाड़ी चालक के खिलाफ थाने में मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत ने पुलिस पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जीताखेड़ी निवासी सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहाड़ में सिक्योरिटी इंचार्ज कार्यरत है। गत 13 मई को पहाड़ में कांटा नंबर एक पर ड्यूटी पर था। उस समय खानक निवासी पवन कुमार अपनी गाड़ी को सीधी लेकर उसके पास आया और कहा कि उसकी गाड़ी सीधी निकलवा दे। सुशील ने बताया कि जिसके बाद उसने उसको कहा कि गाड़ी लाइन में लगा ले। जिसके बाद पवन ने बाहर से चार-पांच अन्य लोग बुलाए और उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद उसके साथी कर्मचारी व अन्य लोग वहां आए उसको उनसे छुड़वाया। सुशील ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने सुशील की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बारे में धनसर कंपनी के सीईओ आदित्य ने बताया कि कंपनी के कांटे चालू हैं। ग्रामीण अपनी मांग रख सकते हैं। एचएसआईआईडीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनील सिंगला ने बताया कि उनका धरने से कोई लेना देना नहीं। कांटे चालू हैं। झगड़ा करने वाले व्यक्ति की गाड़ी ब्लैक लिस्ट कर दी गई है उसको खुलवाने के लिए धरना दे रखा है।
खानक ग्राम पंचायत ने प्रशासन को भेजा नौ सूत्री मांग पत्र
खानक पहाड़ में गाड़ी चालकों और कंपनी के बीच उपजे विवाद में खानक की ग्राम पंचायत ने जिला उपायुक्त व तोशाम एसडीएम के अलावा एचएसआईआईडीसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को नौ सूत्री मांग पत्र भेजा है। मांग पत्र में सरपंच व समस्त ग्रामीणों की ओर से कंपनी में मजदूरों और चालकों के साथ शोषण के खिलाफ कार्रवाई करने, कांटा नंबर एक, दो व तीन पर गांव की गाड़ियों को प्राथमिकता देने, ब्लास्टिंग के दौरान फैल रहे प्रदूषण और केमिकल प्रभाव को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने, पहाड़ में निजी कंपनियों में स्थानीय गांव के लोगों को प्राथमिकता से रोजगार देने, पहाड़ के अंदर कंपनी द्वारा 30 रुपये प्रति टन का गुंडा टैक्स बंद करने, दस साल पुरानी गाड़ियों को पहाड़ में बंद न किए जाने, पहाड़ के अंदर के रास्तों को हर मंगलवार को ठीक किए जाने, पहाड़ में पीने के पानी की व्यवस्था करने, और कांटा एक, दो व तीन के बाहर रोड के दोनों तरफ रास्ते को सही किए जाने की मांग शामिल है।