भिवानी। त्योहारी सीजन में जहां बाजारों में इस समय पांव रखने की जगह नहीं है, तो वहीं ठीक त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद घरों में शादियां की तैयारी जोर पकड़ लेंगी। घरों में भी दूरदराज से आने वाले मेहमानों के चलते घर में भीड़ का आलम रहेगा। शादियों की शहनाई की गूंज खुशियों में ही बरकरार रहे। इसके लिए कोरोना से बचाव का टीका लगवाना बेहद जरूरी है।
पिछले दो सालों के दौरान कोरोना ने ही अनेक परिवारों में शहनाई की गूंज को मातम में तबदील कर दिया था। हालांकि जिले में अभी कोरोना संक्रमण का एक भी केस नहीं है, लेकिन अभी भी सतर्कता बरतना जरूरी है, जो लोग अभी तक समय का अभाव बताकर कोरोना की दूसरी डोज से दूरी बनाए हुए थे, उनकी इस समस्या का समाधान भी स्वास्थ्य विभाग ने कर दिया है। शहर के दुकानदार अब नागरिक अस्पताल के वार रूम में 24 घंटे में कभी भी पहुंचकर टीका लगवा सकते है। त्योहारी व शादियां के सीजन को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया है।
जिले में टीकाकरण अभियान की स्थिति:
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में वैक्सीन का टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया था। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में 841386 लाभार्थियों को टीकाकरण करने का लक्ष्य लिया था। इनमें से 741737 लाभार्थियों को पहली और 320680 लाभार्थियों को दूसरी डोज लगाई है। विभाग ने 5536 स्वास्थ्यकर्मियों का लक्ष्य लिया था, जिनमें 5654 को पहली और 5367 को दूसरी डोज लगी है।
600 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों ने संभाली कमान
स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन अभियान में पहली डोज और दूसरी डोज के गेप को कम करने के लिए अभियान अधिक सक्रिय कर दिया है। विभाग ने 146 स्थायी केंद्रों पर टीकाकरण शुरू किया है। इन केंद्रों पर करीब 300 स्वास्थ्यकर्मी तैनात हैं। इनके अलावा विभाग ने करीब 150 अस्थायी केंद्र बनाए हैं, जिन पर सामाजिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, एनजीओ के सहयोग से टीकाकरण किया जा रहा है। इन पर भी 300 के आसपास कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में विभाग अपने कर्मचारियों के कंधों से कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान को पूरा करने में जुटा हुआ है। (संवाद)
दोनों डोज लगवाना जरूर
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना बहुत जरूरी है। अब त्योहारी सीजन में बाजार में अधिक भीड़ होगी, जिसकी वजह से दुकानदारों को अधिक पब्लिक डील करनी पड़ेगी। दुकानदारों को वैक्सीन का सुरक्षा कवच देने के लिए नागरिक अस्पताल के वार रूम में 24 घंटे वैक्सीनेशन सेवा शुरू की है। आमजन से अपील है कि समय पर टीकाकरण करवाएं और बाजार में कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।