भिवानी। जिले के करीब 1200 गरीब परिवारों के परिवार पहचान पत्र में बैंक खाते अपडेट नहीं हैं। इसी वजह से सरकारी डिपो से सस्ता राशन लेने वाले गरीब परिवारों की सरसों तेल की सब्सिडी भी अटक गई है। अब परिवार पहचान पत्र में बैंक खाता अपडेट कराने के लिए गांव व शहरी दायरे में वार्ड स्तर पर सीएससी व अटल सेवा केंद्र पर कैंप लगाए जाएंगे।
दरअसल हरियाणा सरकार ने बीपीएल व एएवाई परिवारों के लिए सरसों तेल की बजाय उनके बैंक खाते में 250 रुपये डालने की घोषणा की हुई है। मगर अब भी काफी गरीब परिवारों के बैंक खातों में सरसों तेल की ये राशि नहीं पहुंची है, जिसकी वजह उनके बैंक खाता परिवार पहचान पत्र में अपडेट नहीं होना माना जा रहा है। इसी को लेकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अनिल कालरा ने जिले के सभी पीआर केंद्र को पत्र भेजकर जल्द से जल्द डिपो स्तर पर गरीब पात्र परिवारों के बैंक खाता अपडेट कराए जाने के निर्देश दिए हैं। भिवानी जिले में एक लाख 36 हजार 649 गरीब परिवार हैं, जिनके पांच लाख 96 हजार 904 सदस्यों के लिए हर माह सरकार की तरफ से सस्ता राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
खाता जुड़ने के बाद मिलेंगे रुपये
बीपीएल परिवार जिनके बैंक खाते में अब तक सरसों तेल की राशि नहीं पहुंच रही हैं, वे नजदीकी सीएससी या अटल सेवा केंद्र में अपने परिवार पहचान पत्र में बैंक खाता अपडेट कराएं। इसके अलावा डिपो पर भी वे अपने परिवार पहचान पत्र में बैंक खाता अपडेट करा सकते हैं। जिसके बाद उन्हें हर माह सरसों तेल की 250 रुपये की राशि लगातार बैंक खाता में मिलना शुरू हो जाएगी।
-नरेंद्र कुमार, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, क्रय केंद्र भिवानी।