अंबाला। प्रयास सोसाइटी एवं श्री राधा निकुंज परिवार ट्रस्ट के तत्वावधान में न्यू टैगोर गार्डन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में छठे दिन भगवान श्री कृष्ण द्वारा गोपियों के साथ फूलों की होली का प्रसंग सुनाया। कथावाचक स्वामी रामदास महाराज बरसाने वाले ने बताया कि धर्म के रास्ते पर चल कर ही आप पाप का नाश कर सकते हो। यदि आप धर्म के रास्ते पर नहीं चलोगे तो पाप आपका नाश कर देगा। अत: मनुष्य को धर्म का रास्ता नहीं छोड़ना चाहिए, चाहे कितनी भी परेशानी आए।
जिस तरह से श्रीकृष्ण भगवान को मारने के लिए कंस ने न जाने कितने यतन किए, परंतु धर्म की राह पर चलते हुए श्री कृष्ण ने कंस का वध किया व अपने माता-पिता को उसकी कैद से छुड़वाया। कथा में महाराज व उनके शिष्यों द्वारा गाए गए भजनों ने सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसे सुनकर सभी भक्तों को आनंद की अनुभूति प्राप्त हुई। इसके उपरांत श्री कृष्ण-रूकमणि विवाह संम्पन्न हुआ। इस मौके पर प्रयास सोसाइटी के चेयरमैन मंजीव कुमार गोयल, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रो. अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, संगठन सचिव राजीव शर्मा, सह सचिव ज्ञान चंद परूथी, कार्यकारिणी सदस्य जगदीश, अशोक राणा, हरिओम आदि मौजूद रहे।