अंबाला सिटी। हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। मांगपत्र में ग्रामीण चौकीदारों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सफाई कर्मचारियों, आंगनबाड़ी वर्कर, मिड डे मील वर्कर और ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर के मानदेय में बढ़ोतरी की है। ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय में दो अप्रैल 2018 के बाद कोई बढ़ोतरी नहीं की गई।
चौकीदारों ने कहा कि वे सरकार की कान, नाक और आंख होते हैं। अपना कार्य पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से करते हैं। वे सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हैं। इस समय महंगाई बहुत बढ़ रही है। इस कारण चौकीदारों को अपने परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण चौकीदार कई बार मांग पत्र विधायकों और मंत्रियों को सौंप चुके हैं पर सरकार मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने मांग की है कि उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। सरकार की अधिसूचना के अनुसार गांव में किसी व्यक्ति की अटल सेवा केंद्र में मृत्यु रिपोर्ट ऑनलाइन करवाने की एवज में निर्धारित भत्ता दिया जाए। गर्मी व सर्दी की अलग-अलग दो वर्दीयां दी जाएं व कौशल रोजगार निगम में न लिया जाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह, करतार चंद, सुभिद्र सिंह, सुखवीर सिंह, गुरमेल सिंह, धर्म सिंह, बलबीर सिंह, बनारसी, अर्जुन व बलविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।