छावनी नागरिक अस्पताल में प्रसूति विभाग के लेबर रूम की वीडियो बनाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बताया जाता है कि एक मरीज के रिश्तेदारों ने प्राइवेट रूम लिया हुआ था। कमरे में जच्चा-बच्चा को उचित उपचार नहीं मिला। ऐसे में भड़के तीमारदार प्रसूति विभाग में पहुंचे और स्टाफ से बहस करने लगे। इस बीच एक महिला ने लेबर रूम में ही जाकर वीडियो बनानी शुरू कर दी। इसके बाद स्टाफ और तीमारदारों में बहस हो गई। मौके पर पहुंची डॉक्टर ने लेबर रूम में फोन की अनुमति न होने के कारण फोन छीनकर अपने पास रख लिया।
इस पर तीमारदारों ने पीएमओ डॉ. राकेश सहल को लिखित में शिकायत देते हुए स्टाफ पर ठीक व्यवहार न करने व उपचार ठीक ढंग से न करने के आरोप लगाए। पीएमओ ने प्रसूति विभाग की प्रभारी डॉ. मंजू को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने उनसे सोमवार तक जांच की रिपोर्ट भी मांगी। इस हंगामे के बीच प्रसूति विभाग में मरीजों व तीमारदारों का जमावड़ा लग गया। स्टाफ का कहना था कि डिलीवरी के बाद परिजन प्राइवेट रूम में चले गए थे। स्टाफ की कमी होने के कारण ऊपर जाना संभव नहीं होता और प्राइवेट वार्ड के देखरेख का जिम्मा वहीं के स्टाफ का होता है। मरीज को कोई दिक्कत होती है तो नीचे आना पड़ता है।
------------