134ए के तहत दस केंद्रों पर रविवार को जिलेभर के बच्चे परीक्षा देंगे। परीक्षा देने के लिए दो हजार 837 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर हैं। वहीं सभी केंद्रों पर कोरोना काल को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष प्रबंध शिक्षा विभाग की ओर से किए गए हैं।
साथ ही विद्यार्थियों को मास्क का प्रयोग करने के लिए भी कहा गया है। विद्यार्थियों रविवार दोपहर बारह बजे से लेकर तीन बजे तक इस परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा का परिणाम दस दिसंबर को घोषित किया जाएगा। इसी के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
परीक्षा के दौरान एक फोटो प्रमाण पत्र, स्कूल का पहचान पत्र, पंजीकृत फॉर्म की एक प्रति, परीक्षा के लिए पेंसिल व नीला पेन जरूरी है। परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थी को 15 मिनट पहले पहुंचना जरूरी है। विद्यार्थियों को परेशानी न हो इसलिए परीक्षा का समय 12 बजे रखा गया है। परीक्षा के दौरान छात्र घर से पानी की बोतल ला सकते हैं।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
अंबाला ब्लॉक वन में राजकीय गर्ल्स सीनियर सेेकेंडरी स्कूल पुलिस लाइन में दूसरी व चौथी कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बलदेव नगर में तीसरी, आठवीं और नौवीं कक्षा।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बलदेव नगर में पांचवीं, छठी और सातवीं कक्षा के छात्रों की परीक्षा होगी।
ब्लॉक टू में फारूखा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंबाला कैंट में दूसरी से पांचवीं कक्षा।
राजकीय स्कूल बकरा मार्केट में छठी से नौवीं कक्षा।
ब्लॉक बराड़ा में पब्लिक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बराड़ा में दूसरी से नौवीं
नारायणगढ़ ब्लॉक में राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारायणगढ़ में दूसरी से चौथी कक्षा।
डीएवी स्कूल नारायणगढ़ में पांचवीं से नौवीं कक्षा।
साहा में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल समलेहड़ी में दूसरी से नौवीं कक्षा।
शहजादपुर में राजकीय स्कूल धनाना में दूसरी से नौवीं के छात्र परीक्षा में भाग लेंगे।
जानकारी लेने के लिए पहुंचे अभिभावक, बंद मिला बीईओ कार्यालय
134ए से संबंधित रोल नंबर व अन्य जानकारी लेने के लिए अभिभावक बीईओ कार्यालय पहुंचे। मगर, शनिवार की छुट्टी होने के कारण कार्यालय बंद रहा। इस कारण उन्हें बिना किसी सूचना के लौटना पड़ा। इस दौरान हरभजन व सुनील ने बताया कि उनके बच्चों का पांच को पेपर है। मगर, उनका रोल नंबर अभी तक नहीं मिला है। उसी की जानकारी लेने के लिए वह विभाग में आए थे। मगर, जब वह यहां पहुंचे तो देखा कि बीईओ कार्यालय बंद था।
परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। एक नोडल ऑफिसर और ब्लॉक स्तर पर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वे परीक्षा के दौरान पूरी निगरानी रखेंगे। वहीं कोरोना को देखते हुए भी पूरी सावधानी बरती जाएगी।
-अनूप जाखड़, डीईईओ, अंबाला।