अंबाला। चंडीगढ़ के बलटाना क्षेत्र से सवारियां लेकर छावनी रेलवे स्टेशन आए वाहन चालक के साथ मारपीट हो गई। मारपीट में चालक के हाथ की हड्डी भी टूट गई। मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। जीआरपी ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छावनी के राम किशन कॉलोनी निवासी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कार को एक कंपनी में लगाया हुआ है। इसका चालक वह खुद है। कंपनी से बुकिंग का संदेश आने के बाद वह बलटाना चंडीगढ़ से सवारियां तीन लड़के व एक महिला को लेकर 26 अगस्त की रात लगभग 10 बजकर 10 मिनट पर छावनी रेलवे स्टेशन आया था। इनमें से एक सवारी को ट्रेन में जाना था। स्टेशन पहुंचने के बाद सवारियों ने कहा कि उन्हें इसी किराए में वापस छोड़कर आओ। जब उसने मना कर दिया तो उन्होंने जोर-जबरदस्ती करके उसकी कार की चाबी निकाल ली और प्लेटफार्म 1 पर चले गए।
इस दौरान वह भी पीछा करते हुए प्लेटफार्म पर पहुंच गया। जब उसने कार की चाबी और 834 रुपये किराया मांगा तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोगों को मौके पर एकत्र होता देखकर आरोपी कार की चाबी फेंककर मौके से फरार हो गए। जीआरपी प्रभारी विलायती राम ने बताया कि कार बुक कराने वाले व्यक्तियों का डाटा कंपनी से मांगा गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।