अंबाला। रेलवे स्टेशन पर होटल जैसी सुविधा देने के लिए शुरू की गई रिटायरिंग रूम योजना शुरू होने से पहले ही दम तोड़ गई। रेलवे स्टेशन पर बने रिटायरिंग रूम की सुविधा आईआरसीटीसी वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। जब यात्री पीएनआर नंबर डालने के बाद रिटायरिंग रूम की बुकिंग का प्रयास करता है तो वेबसाइट पर संदेश आता है कि छावनी स्टेशन पर रिटायरिंग रूम बुुकिंग सुविधा नहीं है।
पिछले 10 दिनों से ऐसे हालात बने हुए हैं। इसका खामियाजा स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है, वहीं रेलवे को भी हजारों रुपये खर्च करने के बाद राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब लगभग 100 जोड़ी ट्रेन 24 घंटे में स्टेशन पर ठहराव के बाद गंतव्य की तरफ रवाना हो रही हैं। इसी को देेखते हुए यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए मंडल रेल प्रबंधक जीएम सिंह के प्रयास से 6 जुलाई को प्लेटफार्म 1 पर बने रिटायिरंग रूम का शुभारंभ किया गया था, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी यात्री रिटायरिंग रूम का फायदा नहीं उठा पा रहे। इसका सबसे बड़ा कारण आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कमरों को लेकर अपग्रेडेशन न होना है, वहीं दूसरी तरफ अभी मंडल की तरफ से मैनुअल बुकिंग सुविधा भी बंद है। इस कारण यात्रियों को प्लेटफार्म के विश्रामालयों या फिर स्टेशन के बाहर होटलों में रात गुजारनी पड़ रही है।
तैयार किए गए हैं 8 कमरे
रिटायरिंग रूम में 8 कमरे बनाए गए हैं। इसमें 4 एसी और 4 नॉन एसी कमरे हैं। इन कमरों का किराया भी मंडल द्वारा तया किया गया है। आईआरसीटीसी के रिटायरिंग रूम में एसी, बेड आदि सहित विभिन्न सुविधाएं शामिल हैं। एसी रिटायरिंग रूम का टैरिफ 24 घंटे के लिए 1000 रुपये और 12 घंटे के लिए 700 रुपये निर्धारित किया गया है, वहीं नॉन-एसी रिटायरिंग रूम का शुल्क 24 घंटे के लिए 700 रुपये और 12 घंटे के लिए 400 रुपये तय किया गया है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कुछ समस्या है, रूम बुकिंग के समय वेबसाइट पर गलत जानकारी मिल रही है। विभागीय अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई है।
-बीएस गिल, निदेशक, छावनी रेलवे स्टेशन।