छावनी के डिफेंस कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में कृपाण उठाकर बेअदबी करने व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले आरोपी अनिल को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया था।
बावजूद पुलिस आरोपी से कुछ उगलवा नहीं पाई। हेड कांस्टेबल तरसेम ने बताया कि युवक बहकी-बहकी बातें कर रहा था। कुछ-कुछ देर बाद अपनी बातों से मुकर रहा था। बता दें कि डिफेंस कॉलोनी के सेक्टर- सी निवासी दलेर सिंह की शिकायत पर अनिल के खिलाफ पंजोखरा थाने में धारा 295 के तहत केस दर्ज किया गया था। शिकायत में उन्होंने अनिल पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि व्यक्ति ने किसी के कहने पर गुरुद्वारा साहिब में आकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष रखी कृपाण को उठाया। रिमांड में कुछ पता नहीं चल पाया। आखिर में पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।