अंबाला। पुलिस लाइन ग्राउंड में आज गृहमंत्री अनिल विज 8 बजकर 58 मिनट पर तिरंगे को फहराएंगे। जम्मू में हुए ड्रोन अटैक के चलते आई सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही धारा 144 भी शनिवार रात लागू कर दी गई है। इसके तहत आर्मी एरिया, एयरफोर्स स्टेशन, सचिवालय के तीन किलोमीटर एरिया में ड्रोन नहीं उड़ाए जा सकेंगे। साथ ही इनके बेचने और रखने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। इसके लिए एजेंसियों को जिम्मा सौंपा दिया गया है।
जिलास्तरीय इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ पुलिस की टुकड़ियां परेड़ में हिस्सा लेकर सलामी देंगे। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में किसी भी तरह की खलल न हो इसके लिए करीब 845 पुलिस कर्मचारी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। इनमें 150 कर्मी ट्रैफिक पुलिस के भी हैं। पुलिस लाइन ग्राउंड जहां जिलास्तरीय कार्यक्रम होगा उसके आसपास के करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में करीब 400 से ज्यादा कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उधर रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि समारोह के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब पर भी होगा। इसके लिए https://youtu.be/aFX97MwVU0M लिंक भी विभाग ने जारी किया है। बता दें कि वीआईपी स्टेज की इस दौरान फोरलेयर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
इस तरह बनाया गया है शेड्यूल
8:58 पर तिरंगा फहराया जाएगा
9 बजे राष्ट्रीय गान होगा
9 बजकर 02 मिनट पर परेड व सलामी होगी
9 बजकर 20 मिनट पर मार्च पास्ट होगा
9 बजकर 30 मिनट पर पीटी प्रदर्शन व समूह गान
- 9 बजकर 45 मिनट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
10:45 तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा
ऐसे होगी सुरक्षा
45 कर्मचारियों को वीआईपी सुरक्षा में लगाया गया है
- 11 कर्मचारियों की ड्यूटी वीआईपी स्टेज पर लगाई गई है।
- 09 कर्मचारियों की ड्यूटी वीआईपी स्टेज के चारों और रहेगी।
- 13 कर्मचारियों की ड्यूटी स्टेज के बाईं और 17 की दाईं ओर पंडाल में सुरक्षा के लिए लगाई है। स्टेज की बैक साइड में 9 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
- 6 राइडर गश्त करेंगे
- 13-3 कर्मचारियों की ड्यूटी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस व शहीदी स्मारक पर लगाई गई है।
- 5-5 महिला व पुरुष कर्मचारियों की ड्यूटी स्टेज के पास केवल इसीलिए लगाई गई है ताकि कोई काले झंडे इत्यादि वहां आकर न दिखा पाए।
- 7 कर्मचारियों की वीआईपी प्रवेश द्वार और 3 की वीआईपी पार्किंग में ड्यूटी लगाई गई है।
- 46 कर्मचारियों को शौर्य चौक का जिम्मा दिया गया है।
- 45 कर्मचारियों को पुलिस लाइन एसपी कार्यालय के पास का जिम्मा दिया गया है।
- 46 कर्मचारी सेंट्रल जेल चौक पर तैनात रहेंगे
- 46 कर्मचारियों की ड्यूटी तुर्का चौक पर लगाई गई है।
- 45-45 कर्मचारियों की ड्यूटी कालका व मिक्सी व आर्य चौक पर लगाई गई है।
- 44 कर्मचारियों की ड्यूटी जीओसी मैस कट और पुलिस डीएवी स्कूल कट प्वाइंट पर 46 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
- 45-45 कर्मचारी ग्लैक्सी मॉल और ट्रामा सेंटर के आसपास तैनात होंगे
- 50 कर्मचारी पॉलीटेक्निक चौक और 45 पुराना सेशन कोर्ट के पास रहेंगे।
- 40 कर्मचारी इंको चौक पर जिम्मा संभालेंगे।