अंबाला छावनी स्थित सुभाष पार्क के पास ट्रक को खींचता तेजेंद्र सिंह
- फोटो : Ambala
अंबाला। फतेहगढ़ निवासी 34 वर्षीय तजिंद्र सिंह ने पीठ से रस्सी बांधकर 70 टन वजनी 16 टायरी ट्रक खींचकर हैरतअंगेज कारनामा किया है। रविवार को छावनी स्थित सुभाष पार्क के सामने शाम छह बजे लोगों की उमड़ी भीड़ यह देखकर दंग रह गई। चंद मिनटों में ही तजिंद्र सिंह ने करीब सौ मीटर तक ट्रक को खींचा।
इस दौरान वीडियो बनाने व सेल्फी लेने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस हैरतअंगेज कारनामे की वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। तजिंद्र ने इच्छा जताई है कि वह हवाई जहाज को भी पीठ से खींचकर अंबाला व देश का नाम चमकाना चाहता है। बाकायदा इसके लिए वह कई बार चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी इसकी अनुमति लेने के लिए प्रयास कर चुका है। इस दौरान कुछ समाजसेवियों ने तजिंद्र को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
यूट्यूब पर विदेशियों को देखकर तजिंद्र ने लिया निर्णय
फतेहगढ़ में जिम चलाने वाले तजिंद्र सिंह ने बताया कि उसके पिता हरबंस सिंह पहलवानी करते थे। उनसे ही पहलवानी सीखी और अब जिम चलाकर करीब 70 युवाओं को ट्रेनिंग दे रहा है। यूट्यूब पर विदेशियों को ट्रक तो कभी बस व भारी भरकम सामान उठाते देखकर इच्छा हुई। तभी से जिम में तैयारियां शुरू कर दी थी। करीब दो साल से वह इस तरह से भारी भरकम वजन खींचने के लिए दिन-रात पसीना बहा रहा है।
टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्राले सहित बस को भी खींच चुका है तजिंद्र
तजिंद्र सिंह ने बताया कि वह पंजाब व आसपास के शहरों में होने वाली कबड्डी लीग आदि कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुका है। टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्राले सहित बस आदि खींच चुका है। यहां तक कि कई बार मोटरसाइकिल भी उठा चुका है। तजिंद्र ने बताया कि इस तरह से वाहन खींचने व उठाने के लिए अलग तरह की कसरत होती है। जिम में टांगों व पीठ सहित कंधों की कसरत पर खासा जोर दिया जाता है। डाइट के बारे में बताते हुए तजिंद्र ने बताया कि रोजाना तीन लीटर दूध सहित आधा किलो चिकन, फल-फ्रूट, ढाई सौ ग्राम ड्राइफ्रूट आदि का सेवन करता है। रोजाना जिम में सुबह शाम चार से पांच घंटे पसीना बहाता है।
तेजेंद्र सिंह- फोटो : Ambala