अंबाला। ट्रांसफार्मर से सामान चोरी के छह मामले सुलझाने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया था। इन्होंने चोरी की छह वारदातें कबूली हैं। वीरवार को चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान अमित कुमार निवासी गांव राजपुरा यमुनानगर, जसवंत निवासी गांव सादिकपुर यमुनानगर, मनीष कुमार उर्फ मोटा निवासी गांव राजपुर यमुनानगर व अतीक अहमद निवासी मोरी गेट मनीमाजरा चंडीगढ़ वर्तमान पता गांव बड़ोना जिला पंचकूला के तौर पर हुई।
शिकायतकर्ता उपमंडल अधिकारी विद्युत विभाग सढौरा जसविंद्र सिंह ने बताया कि 17, 18 अप्रैल की रात को अज्ञात ने जसविंद्र सिंह निवासी गांव डुलियानी के ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर लिया। दूसरे मामले में शिकायतकर्ता पृथ्वी चंद निवासी गांव सरदेहड़ी ने बताया कि 30 नवंबर 2021 की रात सरसेहड़ी से उसके ट्रांसफार्मर का सामान चोरी हो गया।
वहीं, तीसरे मामले में शिकायतकर्ता उपमंडल अधिकारी विद्युत विभाग अंबाला विकास बंसल ने बताया कि 23, 24 जनवरी की रात अज्ञात ने संजीव कुमार निवासी गांव सुलखनी के खेत से उसके ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर लिया। चौथे मामले के अनुसार, 25, 26 फरवरी की रात अज्ञात ने गुरबक्श निवासी गांव धीन थाना मुलाना के खेत से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर लिया।
इसी प्रकार, 09, 10 अप्रैल की रात किसी महिपालपुर सिंह निवासी गांव जफरपुर थाना मुलाना के खेत से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी हो गया। छठे मामले के अनुसार, 08, 09 अप्रैल की रात किसी अज्ञात ने भूषण कुमार निवासी गांव सरदेहड़ी थाना मुलाना के खेत से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर लिया।