अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित साहा के पास एक तेजरफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर हाईवे के बीचोंबीच बने साइन बोर्ड से टकरा गया। हादसे इतना दर्दनाक था कि टूटा हुआ साइन बोर्ड हाईवे पर जा रहे बाइक सवार पर गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बाइक चालक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद अंबाला-जगाधरी हाईवे का यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। इलाका पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डंपर अंबाला से जगाधरी की तरफ जा रहा था और साहा चौक के पास से ही अनियंत्रित होकर चल रहा था। लोगों की काफी शोर मचाकर उसे रूकने का भी इशारा किया लेकिन उसने नहीं सुना। देखते ही देखते वह हाईवे के साइन बोर्ड से टकरा गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से करीब एक घंटे बाद डंपर को किनारे किया और यातायात को पूरी तरह से सुचारू किया। हालांकि पहले थोड़ी जगह में से कार आदि वाहन निकल रहे थे लेकिन ट्रकों को रोक दिया गया था।
यूपी स्थित आजमगढ़ से चंडीगढ़ अपने बच्चों के बाल उतरवाने के लिए ट्रेन में जा रही महिला का पैर पहिए में आने पर कट गया। बताया जाता है कि अंबाला छावनी के प्लेटफार्म नंबर 7 पर ट्रेन आकर रूकी तो महिला अपने एक बच्चे को गोद में उठाकर बोगी से बाहर प्लेटफार्म पर आ गई थी। पति व उसका दूसरा बच्चा ट्रेन में ही थे। जैसे ही महिला पानी पीने लगी तो ट्रेन चल दी। डिब्बा आगे निकलने पर महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। इतने में पति प्लेटफार्म पर उतरा और बच्चे को लेकर ट्रेन में चढ़ गया। जबकि महिला जब ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी तो उसका पैर चलती ट्रेन और ट्रैक के बीच चला गया। इस हादसे से महिला का पांव कट गया। आनन-फानन में ट्रेन रुकी और महिला को पीछे खींचा गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां वह उपचाराधीन है। डॉक्टर का कहना है कि पैर कटने के साथ-साथ महिला की बाजू में भी फ्रैक्चर है।
छावनी के रामकिशन कॉलोनी निवासी नितिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत अवस्था में शव को छावनी के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टर ने युवक के गले पर निशान देखकर इलाका पुलिस को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। डॉक्टर ने बताया कि मामला फंदा लगाने का लग रहा है। फिर भी पुलिस की जांच में ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बताया जाता है कि नितिन की गत माह ही शादी हुई थी।