विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो आरोपियों ने युवक से 1.50 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पीड़ित ने 28 अगस्त को एसपी अंबाला को शिकायत दी गई थी। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद महेश नगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह डिफेंस एनक्लेव बोह छावनी का निवासी है। फरवरी को उसके जानकार नरिंद्र सिंह ने दो युवकों अवतार सिंह व रविंद्र सिंह से जग्गी सिटी सेंटर अंबाला में मिलवाया था। यहां आरोपियों ने उसे बताया कि वे बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने का काम करते हैं और अच्छी नौकरी भी दिलवाते हैं। शिकायतकर्ता ने 4 मार्च को 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, पासपोर्ट व एक चेक दोनों आरोपियों को दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को कहा कि उसे होली के बाद विदेश भेज दिया जाएगा, लेकिन विदेश नहीं भेजा। जब भी युवक आरोपियों को विदेश भेजने के लिए कहता तो वह टालमटोल करते। हरप्रीत ने आरोपियों से रुपये, पासपोर्ट व चेक वापस मांगा तो दोनों युवकों ने उसके साथ गालीगलौज कर झूठे केसों में फंसाने की धमकी दी।