अंबाला। चार दिन पूर्व पश्चिम बंगाल में ट्रेन के बेपटरी होने की घटना के बाद रेलवे विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रेलवे ने 15 दिवसीय स्पेशल ड्राइव चलाकर विभिन्न रूटों पर चल रहे मरम्मत कार्यों की समीक्षा करेगा। इस आशय का आदेश उत्तर रेलवे मुख्यालय के मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने जारी किया है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में गंभीरता से और पूरी संवेदनशीलता के साथ रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा से जुड़े मसलों पर काम करने की हिदायत दी है।
मुख्य सुरक्षा आयुक्त बड़ौदा हाउस की ओर से 13 जनवरी को अंबाला मंडल रेल प्रबंधक गुरिंदर मोहन सिंह सहित दिल्ली, मुरादाबाद, लखनऊ और फिरोजपुर मंडल के रेल प्रबंधकों को पत्र भेजा गया है। पत्र में जानकारी दी गई है कि ताजा रेल दुर्घटना को देखते हुए 14 जनवरी से लेकर 29 जनवरी तक मरम्मत कार्यों की समीक्षा (स्पेशल ड्राइव) की जाए। इस दौरान संबंधित रेल मार्गों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की जाए। खुद विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर हालात का मुआयना करें। इसके अलावा रेलवे की सहायक संस्थाओं आरवीएनएल और डीएफसीसीएल की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी निगरानी की जाए और उन्हें निर्धारित मापदंड के तहत कार्य करने के निर्देश दिए जाएं। सबसे खास बात कि किसी खामी को दूर करने के लिए कोई रेलवे कर्मचारी जल्दबाजी में काम नहीं करेगा और न ही कार्य को पूरा करने के लिए शॉर्टकट अपनाएगा। अगर स्पेशल ड्राइव के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या खामी सामने आएगी तो पांच फरवरी से पहले एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी जाएगी और संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।