पति ने पत्नी के प्रेमी की हथौड़ी से जमकर पीटाई की। यहां तक कि पति ने हथौड़ी से प्रेमी के गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। बाद में लहूलुहान हुए प्रेमी को छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के परिजनों को इस बारे में सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह घटना एसडी कॉलेज के पास की है।
जानकारी के अनुसार सोनीपत के युवक की शादी कुरुक्षेत्र निवासी युवती से हुई थी। उसके बाद से ही युवक को पत्नी के चरित्र पर शक था। जब पति ने पत्नी पर निगरानी रखी तो उसे पत्नी के कुरुक्षेत्र के ही रहने वाले प्रेमी के बारे में जानकारी मिली। उसने पत्नी के फोन से प्रेमी को मैसेज कर अंबाला एसडी कॉलेज के पास बुलाया। साथ ही खुद भी पत्नी के साथ वहां पहुंच गया। जब प्रेमी कुरुक्षेत्र से अंबाला आया और गाड़ी से उतरने लगा तो पहले से वहां पर मौजूद पति ने हथौड़ी से प्रेमी पर वार किए और उसकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए।
इस दौरान हथौड़ी भी टूट गई। हाथापाई होती देख राहगीरों ने बीच बचाव किया और पुलिस को सूचित किया। साथ ही घायल प्रेमी को शहर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया। चौकी इंचार्ज बलकार सिंह का कहना है कि अभी दोनों पक्षों में बातचीत के आधार पर जांच चल रही है।