अंबाला। जिले में पिछले पांच दिन के भीतर दो हत्याओं के बाद बुधवार देररात को एक 22 वर्षीय अमन नगर निवासी राहुल पर जानलेवा हमला हो गया। महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित साकेत अस्पताल के निकट करीब आधा दर्जन हमलावरों ने राहुल को चाकुओं से गोद दिया और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपत युवक राहुल को प्राथमिक उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। वीरवार को महेश नगर पुलिस युवक के बयान दर्ज करने के लिए चंडीगढ़ गई थी लेकिन युवक बोलने की हालत में न होने के कारण वापस लौट आई।
उधर, पुलिस ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि राहुल जैसे ही साकेत अस्पताल के पास पहुंचा तो पहले से घात जमाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और एक के बाद एक वार किए। गनीमत यह रही कि चाकू सीने या फिर पेट नहीं लगा। महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश दलाल का कहना था कि युवक को चाकू मारे गए हैं लेकिन युवक बयान देने की स्थिति में नहीं है। बयान के आधार पर ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चार दिन पहले ही हुई थी चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या
बता दें कि छावनी के अंबाला कैंट थाना क्षेत्र स्थित छप्पर बंद मोहल्ले में युवक अर्जुन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। बेखौफ युवकों ने ही एक महिला के संग वारदात को अंजाम दिया था। उधर, 21 जून को साहा थाना क्षेत्र में पति द्वारा अपनी ही पत्नी की छाती में तलवार मारकर हत्या कर दी गई थी। बावजूद इलाके में मारपीट की वारदातों को रोकने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम है।