अंबाला। हरियाणा में खेलो इंडिया से पहले दूसरी बार स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी साई की टीम ने निर्माणाधीन वारहीरोज स्टेडियम की नब्ज टटोली। टीम में साई के रीजनल डायरेक्टर राजिंद्र सिंह शामिल रहे जिन्होंने दो घंटे तक जिम्नास्टिक हॉल व निर्माणाधीन स्वीमिंग पूल का जायजा लिया। दूसरी बार निरीक्षण पर आए डॉ. राजिंद्र स्वीमिंग पूल का काम अधूरा देख हैरान रह गए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया कि पिछले दौरे में अधूरे मिले काम को 31 मार्च तक पूरा करने का आश्वासन दिया था और अब वह पहुंचे हैं तो काम अभी भी अधर में लटका है। ऐसे में स्वीमिंग पूल तैयार कर रही यूनिक मार्केटिंग कंपनी के ठेकेदार विक्की नंदी ने टीम के समक्ष फंड अटकने की बात कही। उसका कहना था कि पूल में पहले दर्शकों के बैठने की जगह को बढ़ाने के साथ काम भी काफी बढ़ गया है। करीब 40 करोड़ रुपये रिवाइज फंड है जो दो माह के अटका पड़ा है। फंड जारी होने के 45 दिन में ही स्वीमिंग पूल तैयार कर दिया जाएगा, जिसके बाद टीम ने ऑल वैदर स्वीमिंग पूल के पानी को गर्म करने की प्रक्रिया के साथ वॉर्मअप पूल जोकि लगभग तैयार हो चुका है उसका जायजा लिया। टीम ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द ठेकेदार की समस्या को दूर किया जाए।
बता दें कि खेलो इंडिया अबकी बार 2022 में होने की उम्मीद है। इस मौके पर खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर कविता सहित डीएसओ एन सत्यन, स्वीमिंग कोच राम सिंह आदि मौजूद रहे।
जिम्नास्टिक हॉल का नहीं बना वॉर्मअप पूल, टीम बोली, बेहद जरूरी
साई की टीम ने पिछले और अबकी बार दौरे में भी जिम्नास्टिक हॉल के साथ वार्मअप हॉल का मुद्दा भी उठाया। टीम ने जवाब मांगा कि पिछली बार विभाग ने हॉल के ठीक साथ वाली जगह पर हॉल बनाने के आश्वासन दिया था और अभी तक काम ही नहीं शुरू हुआ। जिस पर अधिकारियों ने कहा कि जिस जगह पर वॉर्मअप हॉल बनना था वो स्टेडियम के आर्किटेक्ट ने मैदान की पार्किंग का हवाला देकर पास ही नहीं किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वह खेलों से पहले वॉर्मअप हॉल की वैकल्पिक व्यवस्था जरूर करवा देंगे।
रिदमिक इवेंट के लिए साई टीम ने देखी बैडमिंटन हॉल की जगह
स्टेडियम के जिम्नास्टिक हॉल में ऊंचाई कम होने के कारण साई की टीम ने रिदमिक इवेंट न होने की बात कही, इसके बाद खेल विभाग ने टीम को खुश करने के लिए दूसरे वैन्यू पर ले गई। जैसे ही टीम को खेल विभाग के अधिकारी गवर्नमेंट कॉलेज में ले जाने के लिए निकले तो कॉलेज ही बंद मिला। इसके बाद टीम सुभाष पार्क के निकट बैडमिंटन हॉल पर पहुंची, जहां हॉल का साई की टीम ने पूरी बारीकी से जायजा लिया। हालांकि टीम ने खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर को स्टेडियम के पास ही कोई जगह रिदमिक इवेंट के लिए चयनित करने की बात भी कही ताकि विकल्प के तौर पर उसे रखा जाएगा।