हरियाणा के अंबाला में अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग की नन्हेड़ा स्थित सर्विस लेन पर मंगलवार को एक बेकाबू कार वीर बाल दिवस पर लगाए लंगर में जा घुसी। कार चालक ने लंगर खा रहे लोगों और बरता रहे सेवादारों को रौंद दिया। इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए बुलेट मोटरसाइकिल से जा टकराई और दूसरी तरफ डिवाइडर पर टकराकर रुक गई। इस घटना में छह लोग घायल हो गए।
सेवादार नन्हेड़ा निवासी प्रदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया था, मगर घायल का उपचार सद्दोपुर स्थित एमएम अस्पताल में चल रहा है। वहीं कुलदीप नगर निवासी घायल संजय और छावनी निवासी चेतना व एक अन्य छावनी अस्पताल में दााखिल हैं। चंद्रपुरी निवासी घायल सलोनी, मच्छी मोहल्ला निवासी किरण को सिटी स्कैन के लिए भेज दिया।
दशमेश साहिब गुरुद्वारा नन्हेड़ा नौजवान सभा के प्रधान जरनैल सिंह, सुरजीत सिंह, मंदीप सिंह ने बताया कि वीर बाल दिवस पर दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे नन्हेड़ा में उनकी सभा की ओर से तीन दिवसीय लंगर आयोजित किया था।
लंगर के दूसरे दिन मंगलवार को दोपहर करीब ढ़ाई बजे एक बेकाबू कार कुरुक्षेत्र की तरफ से आती दिखाई दी। कार काफी तेज थी जो सीधी सर्विस लेन पर लंगर खा रहे लोगों पर चढ़ गई। इसके बाद बेकाबू कार सड़क के बीच तीन महिलाओं को टक्कर मारते हुए बुलेट मोटरसाइकिल से टकराकर डिवाइडर में जा टकराई।
घटना के बाद चीख पुकार मच गई। लोगों ने एक तरफ घायलों को संभाला, दूसरी ओर कार में सवार बुजुर्ग दंपती को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 काे सूचित किया। लंगर लगाने वाले सेवादारों ने अपनी गाड़ियों से सभी घायलों को छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं कुछ देर में डायल 112 आ गई और कार चालक बुजुर्ग दंपती को थाने ले गई।
पुलिस की पूछताछ में कार चालक ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ जा रहे थे तभी हड़बड़ाहट में कार बेकाबू हो गई और उनका नियंत्रण छूट गया। अब पुलिस आगामी कार्यवाही कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर सेवादार की बुलेट सर्विस लेन की साइड में न खड़ी होती हो हादसा गंभीर हो सकता था।
चश्मदीदों ने बताई घटना
कुलदीप नगर निवासी घायल संजय ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है। दोपहर को वह लंगर खा रहा था। इसी दौरान एक तेजरफ्तार कार ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। छावनी निवासी चेतना ने बताया कि वह कुलदीप नगर स्थित एलविड हाउस एनी हेल्थ केयर कंपनी में काम करती है। इस कंपनी में उसके साथ चंद्रपुरी निवासी सलोनी, मच्छी मोहल्ला निवासी किरण भी काम करती है। कंपनी से लंच के समय वह तीनों लंगर खाने के लिए टेंट के बाहर सर्विस लेन पर पहुंची थी। तभी एक तेज रफ्तार कार आई और तीनों को कुचल दिया। इस दौरान उसके पैर में चोट लगी है। सलोनी और किरण गंभीर रूप से घायल हो गई।
दशमेश साहिब गुरुद्वारा नन्हेड़ा नौजवान सभा ने नन्हेड़ा में सर्विस लेन पर लंगर लगाया हुआ था। इसी दौरान कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ जा रहे कार चालक ने लंगर बरता रहे और लंगर खा रहे लोगों को टक्कर मार दी। इसमें महिलाओं समेत छह लोग लोग घायल हो गए। एक घायल को एमएम सद्दोपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
-महावीर, जांच अधिकारी, थाना पड़ाव।