अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग के साथ-साथ अब नवजात शिशु के निक्कू वार्ड में भी गत दिवस बधाई मांगने के बाद मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन पर दोनों अलग-अलग मामलों की शिकायत पहुंचने के बाद जांच कमेटी का गठन कर दिया था।
इसके अलावा अस्पताल के ही कर्मचारी पर नौकरी लगाने के नाम पर 15 हजार रुपये ठगने के आरोप लगे थे। अस्पताल से जुड़े तीनों मामलों की जांच शनिवार को हुई। सीनियर डॉक्टरों की टीम ने एक के बाद एक तीनों मामलों से जुड़े पक्षों को बुलाया और दोनों के बयान दर्ज किए। साथ ही अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली। जल्द ही यह रिपोर्ट पीएमओ को सौंपी जाएगी।
पहली यानी प्रसूति विभाग में 2100 रुपये बधाई मांगने के मामले की जांच एमओ डॉ. मुकेश, एमओ एडमिन डॉ. मंदीप, प्रसूति विभाग इंचार्ज डॉ. रचना, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर बाला शर्मा ने की। दोनों पक्षों को बुलाया गया। आरोप थे कि स्टाफ ने बधाई ली थी और बाद में मामला उठने के बाद लौटा दी थी। इस मामले में ड्यूटी के दौरान मौजूद नर्सिंग ऑफिसर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बुलाया था।
बताया जाता है कि इस मामले में पूरी सुनवाई के बाद संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को दूसरे वार्ड में ड्यूटी लगाने और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को कुछ दिनों तक बिना वेतन छुट्टी पर भेजने की सिफारिश की गई है। जबकि दूसरे मामले यानी निक्कू वार्ड की चतुर्थी श्रेणी कर्मचारी पर लगे बधाई मांगने के आरोप मामले की सुनवाई डॉ. मुकेश, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर बाला, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कंसल ने की।
इस मामले में वार्ड के सिक्योरिटी गार्ड ने ही यह आरोप निक्कू वार्ड की स्टाफ पर लगाए थे। कहा था कि मना करने पर स्टाफ ने उसके साथ बहस भी की थी। बताया जाता है कि इस मामले में टीम ने अपनी रिपोर्ट में स्टाफ को निक्कू की जगह किसी दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने की सिफारिश की है। जबकि अस्पताल के ही एक कर्मचारी पर युवती द्वारा नौकरी लगवाने के नाम पर 15 हजार रुपये ठगने के मामले में जांच कमेटी ने सुनवाई की और कर्मचारी की ओर से पैसे देने की बात कहने पर जल्द पैसे लौटाने को कहा। पीएमओ डॉ. राकेश सहल ने कहा कि तीनों मामलों की जांच कमेटी ने सुनवाई की है।