वीरवार देररात छावनी के बैंक रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया। शुक्रवार की सुबह जब बैंक अधिकारी बैंक आए तो उन्हें इस घटना के बारे में पता चला। कैंट पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत में चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैंट थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रीति पुरी ने बताया कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात हैं। वीरवार देररात को चोरों ने एटीएम के शटर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद चोर बैंक की छत पर बने यूनियन के कार्यालय में घुस गए और वहां लगे एसी को बाहर निकालते हुए यूनियन कार्यालय में दाखिल हो गए। चोरों ने यूनियन ऑफिस से बैंक की ओर जाने वाले रास्ते में लगे शीशे तोड़ डाले। आगे जाने पर उन्होंने देखा कि वहां पर शटर लगा हुआ है।
इस कारण वे बैंक में प्रवेश नहीं कर पाए। सुबह जब बैंक कर्मचारी बैंक में पहुंचे तो उन्हें इस घटना के बारे में पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी मौके पर बुलाया। जिन्होंने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। कैंट थाना के इंचार्ज नरेश ने बताया कि उन्होंने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।