अंबाला। शंभू बॉर्डर पर महिंद्रा पिकअप गाड़ी ने हरिद्वार से बाइक पर डाक कांवड़ लेकर फिरोजपुर जा रहे दो दोस्तों को टक्कर मार दी। इस हादसे में फिरोजपुर के गांव तलवड़ी निवासी 31 वर्षीय विकास की मौत हो गई जबकि दिवांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। दिवांशु ने बताया कि उन्होंने हादसे से कुछ सेकेंड पहले ही डाक कांवड़ दूसरे साथियों को सौंपी थी और खुद बाइक पर साथ-साथ चलने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय पीछे से पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और आंखों के आगे अंधेरा छा गया। दिवांशु ने बताया कि उनके क्षेत्र के युवाओं का समूह पिछले 15 साल से डाक कांवड़ ला रहा है। वह 7 साल पहले ही कांवड़ ग्रुप से जुड़ा था। वहीं मृतक विकास का चचेरा भाई डाक भी कांवड़ ग्रुप से जुड़ा हुआ है। इसलिए विकास भी पहली बार में ही हरिद्वार जाने के लिए तैयार हो गया था। उन्हें क्या पता था कि विकास की पहली और यह अंतिम यात्रा होगी।
घर पर चल रही थी भव्य शोभा यात्रा से स्वागत की तैयारियां
दिवांशु ने बताया कि पहली बार डाक कांवड़ लेकर आने के लिए विकास बेहद खुश था। परिवार की तरफ से भी कई फोन आ रहे थे और बार-बार पूछ रहे थे कि कहां पहुंच गया और कब आएगा। पहली बार कांवड़ लाने के बाद विकास के घर में भव्य स्वागत की तैयारियां चल रही थी। 28 फरवरी को घर पहुंचने पर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली जानी थी।