गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके के भौरामल गांव निवासी युवक की रविवार रात में भोपाल के आगे हबीबगंज रेलवे स्टेशन के पास हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन के दरवाजे से बाहर झांक रहा था और इसी दौरान उसका सिर पोल से टकरा गया और फिर नीचे गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिता व गांव के अन्य लोग भी उसी ट्रेन में सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, भौरामल गांव निवासी नगीना साहनी का 20 वर्षीय बेटा रामपुकार रविवार को हैदराबाद जाने के लिए ट्रेन पर सवार हुआ था। पिता और गांव के 15 अन्य लोग भी उसी ट्रेन से जा रहे थे। सभी को वहां पर वह पेंट पालिश का काम मिला है। रात में भोपाल के आगे हबीबगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के दरवाजे से बाहर की तरफ झांकने के दौरान उसका सिर पोल से टकरा गया और वह बाहर गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई।
पिता नगीना सहित 15 और लोग ट्रेन की गैलरी में बैठे थे। हादसा होते ही वह चीख पड़े और ट्रेन को रोक दिए। गाड़ी हबीबगंज स्टेशन के पास रुकी। सभी लोग उसके पास पहुंचे तो देखा की वह पूरी तरह अचेतावस्था में है। सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची मगर उसकी मौत हो चुकी थी।