बस्ती जिले में बीते सोमवार शाम को दरोगा शंभूराम छावनी बाजार में कोविड गाइडलाइन के पालन को लेकर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरे। तीनों में से किसी ने मास्क नहीं लगा रखा था। रोकने पर तीनों रास्ते में ही खड़े हो गए।
रास्ते में खड़े होने और मास्क न लगाने पर टोका तो तीनों दारोगा से ही भिड़ गए। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए एक ने दारोगा को घूंसा जड़ दिया और धमकाया भी। दारोगा की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से बाइक का कागजात भी नहीं मिले। छावनी थाने में दारोगा की तहरीर पर आरोपी रवि अग्रहरी, मोहन मोदनवाल व धीरेंद्र गोस्वामी निवासी गायघाट थाना कलवारी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है।