गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के पिपरौली चौकी अंतर्गत नेवास गांव में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार की रात घर पर धावा बोलकर बदमाशों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने पैडलेगंज स्थित एक नर्सिंग होम में युवक को भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पाले खान का गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश है। आरोप है कि इसी रंजिश में घर पर धावा बोल बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। परिजन घायल को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
चौकी इंचार्ज पिपरौली विवेक रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। हमलावरों की तलाश की जा रही है।